अयोध्या: चोरियों के खुलासे में फिसड्डी बनी हैदरगंज पुलिस, वारदातों पर भी नहीं लग पा रही है लगाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदरगंज, अयोध्या, अमृत विचार। हैदरगंज थाना पुलिस एक ओर जहां वारदातों पर लगाम नहीं लगा पा रही है वहीं खुलासे में भी फिसड्डी साबित हो रही है। हाल यह है कि गत माह हुईं विभिन्न घटनाओं का खुलासा अभी तक नहीं कर सकी है। जिस कारण स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है। आरोप है कि अधिकतर घटनाएं तो पुलिस के रोजनामचे में दर्ज ही नहीं होती हैं। 
 
 थाना क्षेत्र में चोरियों की बाढ़ से आ गई है। पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज करीब आधा दर्जन चोरी का खुलासा पुलिस अभी तक नहीं कर सकी है। वहीं कुछ मामलों में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करना भी मुनासिब नहीं समझती है। 8 अक्टूबर को हैदरगंज थाना क्षेत्र ग्राम जानाबाजार निवासी आनंद कुमार मलावन की बाग गए थे। 

इसी दौरान चोरों ने मोटर साइकिल को पार कर दी। चार माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी न तो चोरों का पता चल सका और न ही मोटरसाइकिल बरामद हो सकी। दूसरी घटना कुरैयाभारी गांव निवासी रामजनम वर्मा की पशुशाला से लाखों कीमत की भैंस चोर खोल ले गए।

तीसरी घटना 20 दिसंबर को परसपुर हाथियों गांव निवासी प्रदीप तिवारी पुत्र सूर्यदत्त की सिंचाई के लिए लगा ट्यूबवेल के कमरे से मोटर इत्यादि सामान चोरों ने चोरी कर लिया। वहीं 17 फरवरी कुरैयाभारी गांव में खाना बनाने आए बावर्ची सुल्तानपुर जिले के गांव लोहरामऊ मिसिरपुर थाना कोतवाली देहात निवासी संदीप कुमार गुप्ता की मोटरसाइकिल को चोरों ने उड़ा दिया। इन चोरियों का खुलासा अभी तक नहीं किया गया है। 

पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा। जांच के लिए टीमें लगी हैं...,मोहम्मद अरशद, प्रभारी निरीक्षक।

संबंधित समाचार