अयोध्या में माहेश्वरी सेवा सदन के निर्माण की रखी गई आधारशिला, लोकसभा अध्यक्ष और राजस्थान के सीएम ने किया भूमि पूजन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी में देशभर से पहुंचने वाले यात्रियों के लिए एक बड़े सुविधा केंद्र के रूप में माहेश्वरी सेवा सदन का निर्माण प्रारंभ हो गया है। 100 करोड़ की लागत से प्रस्तावित सेवा सदन के लिए भूमि पूजन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद गिरी ने संयुक्त रूप से किया।

 वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ परिक्रमा मार्ग स्थित  दशरथ कुंड के निकट भूमि पर हवन-पूजन संपन्न होने के बाद विधिवत निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस दौरान अयोध्या प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मेयर गिरीशपति त्रिपाठी, सांसद लल्लू सिंह और राजस्थान की कैबिनेट मंत्री और विधायकों समेत 133 सदस्य मौजूद रहे।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरी ने कहा कि बहुत ही सुंदर भूमि पूजन का कार्य संपन्न हुआ है। इससे हम अभिभूत हैं। माहेश्वरी समाज की तरफ से माहेश्वरी सेवा सदन के रूप में एक अत्यंत श्रेष्ठ उपहार अयोध्या को प्रदान किया गया। सभी यात्रियों की सेवा यहां पर होगी। यह सदन हर समाज के लोगों के लिए होगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि हमें जीवन में चेतना और प्रेरणा देने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का दर्शन मिला। मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। इसके लिए सदन में मंदिर निर्माण के लिए प्रस्ताव आया था। उसका भी मैं सौभाग्यशाली रहा हूं।

उन्होंने कहा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जीवन की प्रेरणा देने वाले भगवान राम हमें राम राज्य की तरह शासन चलाने की प्रेरणा भी देते हैं, जिसमें समर्पण, त्याग और सेवा समाहित है। उन्होंने कहा किसी एक का ही नहीं संसार के किसी भी धर्म का व्यक्ति अयोध्या आएगा और रामलला के दर्शन करेगा। उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कहा कि अयोध्या संपूर्ण देश की राजधानी है। यहां मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने शासन चलाया और इसीलिए संपूर्ण देश के लोग अयोध्या में अपनी सेवा देना चाहते हैं।

चूंकि राजस्थान के लोगों ने देश की आजादी के बाद शुरू हुए राम मंदिर के आंदोलन में बढ़कर का हिस्सा लिया था और बड़ी संख्या में राजस्थान के लोग अयोध्या आए थे। इसलिए राजस्थान का माहेश्वरी समाज अयोध्या आने वाले तीर्थ यात्रियों की सेवा के लिए माहेश्वरी सेवा सदन को समर्पित करना चाहता है। उन्होंने जानकारी दी कि देश के हर राज्य के लोगों ने अयोध्या में यात्री सुविधा केंद्र बनाने के लिए आवेदन किया है।

यह भी पढ़ें:-चुनावी बॉण्ड: SBIकी अर्जी खारिज करने संबंधी कोर्ट के आदेश का अखिलेश ने किया स्वागत

संबंधित समाचार