Kanpur: शहर के इस बाजार में यातायात का हाल बेहाल; सड़क पर रुकते और रेंगते निकलते वाहन, दिन में कई बार लगता जाम
कानपुर, अमृत विचार। गोविंद नगर में चावला चौराहे के आसपास बाजार में घुसने से लोग कतराते हैं। वजह अतिक्रमण और पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं होना है। इसी कारण चावला चौराहे से गुलाब राज और नंदलाल से सीटीआई जाने वाले दोनों मार्गों पर वाहन सवार पसीना-पसीन हो जाते हैं। चावला चौराहा से बर्रा बाइपास जाने में भी राहगीरों को अतिक्रमण से जूझना पड़ता है।
सड़क के दोनों ओर कब्जेदार फुटपाथ चबा गए हैं और ग्राहकों के वाहन सड़क पर ही खड़े होते हैं। इलाके में डीबीएस कालेज रोड भी जाम और अतिक्रमण से अछूती नहीं है। गोविंदपुरी पुल उतरते ही चौतरफा अतिक्रमण और जाम की समस्या घेर लेती है। दुकानों के बाहर अतिक्रमण ने फुटपाथ गायब कर दिया है। कई जगह तो रोड तक दुकानें सजती हैं। जहां कहीं फुटपाथ बचे हैं, वहां ठेला-ठेलिया वालों का कब्जा है।
गोविंदनगर की इस रोड पर आने के बाद चाहे जिधर जाना हो, जाम से सामना करना ही पड़ेगा। कोई रोड ऐसी नहीं है जहां अतिक्रमण के साथ सड़क पर वाहनों का जमावड़ा न मिले। इस रोड पर चाय-नाश्ता, फल, सब्जी समेत सभी प्रकार के ठेले लगते हैं। जिसके कारण जाम की समस्या और बढ़ जाती है। लोग सड़क पर ही गाड़ी करके खरीदारी करते हैं। चावला चौराहा से गुलाबराज जाने वाली रोड पर घुसते ही सड़क घेरकर चाय-पान का दुकानदार बैठता है।
नंदलाल चौराहे से बारादेवी जाने वाली रोड पर भी आमने-सामने चाय-नाश्ता की दुकानें हैं। इन पर लगने वाली भीड़ रास्ता रोकती है। इसी चौराहा पर आटो, ई-रिक्शा वालों का अतिक्रमण हमेशा रहता है। इस रोड पर पांच मिनट रुके बगैर आप आगे नहीं बढ़ सकते हैं। वहीं नंदलाल चौराहा से बर्रा बाइपास की ओर बढ़ने पर सड़कों के दोनों तरफ तो अतिक्रमण का जबरदस्त जाल नजर आएगा। पराग डेयरी से सचान चौराहा तक तो दुकानें फुटपाथ और सड़क पर ही लगती हैं।
