वायु सेना हर चुनौती का सामना करने को तैयार: वायु सेना प्रमुख
हिंडन, गाजियाबाद। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर के एस भदौरिया ने आज देश को आश्वस्त किया कि वायु सेना देश की हवाई सीमाओं की दिन-रात रक्षा करने के लिए तत्पर तथा किसी भी स्थिति से मजबूती से निपटने के लिए तैयार है। एयर चीफ मार्शल भदौरिया ने वायु सेना के 88वें स्थापना दिवस …
हिंडन, गाजियाबाद। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर के एस भदौरिया ने आज देश को आश्वस्त किया कि वायु सेना देश की हवाई सीमाओं की दिन-रात रक्षा करने के लिए तत्पर तथा किसी भी स्थिति से मजबूती से निपटने के लिए तैयार है। एयर चीफ मार्शल भदौरिया ने वायु सेना के 88वें स्थापना दिवस पर वायु सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें मौजूदा तथा भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अपने आपको एक ऐसे बल के रूप में बदलना है जो हर तरह की चुनौती से पार पा सके।
वायु सेना प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र में पड़ाेसियों की बढ़ती महत्वाकांक्षा से उत्पन्न खतरे और चुनौती से निपटने के लिए वायु सेना पूरी तरह तैयार है और पिछले दिनाें जरूरत पड़ने पर बल ने तुरंत जरूरी कार्रवाई कर अपनी क्षमता तथा संचालन कुशलता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि यह समय की जरूरत है कि वायु सेना हर तरह से मजबूत बने और चुनौतियों की कसौटियों पर खरी उतरे साथ ही यह आत्मनिर्भर भारत के लिए भी जरूरी है।
इस मौके पर उन्होंने वायु सेना रणबांकुरों को उनकी बहादुरी तथा सेवा समर्पण और कर्तव्यपरायणता के लिए पदकों से सम्मानित भी किया। उनके संबोधन के बाद वायु सेना के विभिन्न विमानों ने करतबबाजी और अपनी ताकत तथा जौहर का प्रदर्शन किया। इस मौके पर चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और थल सेना प्रमुख तथा नौसेना प्रमुख भी मौजूद थे।
