मीरजापुर: प्राचीन लोंहदी नदी का होगा जीर्णोद्धार, DM ने किया भूमि पूजन
मीरजापुर, अमृत विचार। पूरी तरह से अस्तित्व खोकर नाले का रूप रूप ले चुकी ऐतिहासिक लोंहदी नदी के दिन फिरने वाले हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने हाथों में फावड़ा थाम कर इस नदी के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया है। प्राचीन लोंहदी नदी के जीर्णोद्धार के लिए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने विधि विधान पूर्वक भूमि पूजन कर हाथों में फावड़ा लेकर नदी के तलहटी में खुदाई कार्य का शुभारंभ किया।
अधिकारियों ने लोगों का आह्वान किया कि वह इस नदी के जीर्णोद्धार के साथ-साथ इसे संरक्षित करने के लिए आगे आएं । लोंहदी नदी को उन्होंने 11 ग्राम पंचायत के लोगों के लिए जीवन दायिनी बताते हुए कहा कि यह महज एक नदी ही नहीं, बल्कि जीवन दायिनी भी है जिसका सीधा लगाव आम जनों से लेकर छोटे बड़े सभी जीव जंतुओं, पशु पक्षियों एवं खेत खलियानों से भी जुड़ा हुआ है। जिसकी उपेक्षा नहीं बल्कि संरक्षण करने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने प्राचीन लोंहदी नदी के जीर्णोद्धार के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि बरसात के पहले हमें जल संरक्षण पर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि जिले में 2 वर्षों से पर्याप्त मात्रा में बारिश नहीं हुई है। वर्षा न होने से नदियों के जल स्तर पर भी काफी प्रभाव पड़ा है। नदी सूखकर तालाब बन गई हैं।
ये भी पढ़ें -रमजान में खुल जाते हैं जन्नत के दरवाजे : मुफ्ती मोइनुद्दीन
