परिषदीय स्कूलों की 16 मार्च से होने वाली परीक्षा टली, जानिए क्या है नया शेड्यूल
गोंडा, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षाएं अब 20 मार्च से होंगी। पहले यह परीक्षा 16 मार्च से प्रस्तावित थी। परीक्षा को लेकर स्कूलों में तैयारी भी कर ली गयी थी लेकिन ऐन वक्त पर इसमें बदलाव कर दिया गया। बदले समय सारिणी के मुताबिक अब वार्षिक परीक्षा 20 मार्च से प्रारंभ होकर 27 मार्च तक चलेगी।
जिले के 2609 परिषदीय स्कूलों में करीब 3.60 लाख बच्चे पढाई कर रहे हैं। इनमें करीब 50 हजार बच्चे पहली कक्षा में है जबकि 3.10 लाख बच्चे दूसरी कक्षा से आठवीं कक्षा में हैं। पहली कक्षा के बच्चों को कक्षा उन्नति दी जानी है। दूसरी से आठवीं तक के बच्चों की वार्षिक परीक्षा होनी है। बेसिक शिक्षा परिषद ने वार्षिक परीक्षा के लिए समय सारिणी जारी की थी। इसके मुताबिक वार्षिक परीक्षाएं 16 मार्च से 21 मार्च के बीच कराये जाने का निर्देश था। इस निर्देश के क्रम में परीक्षा की तैयारी भी पूरी की जा चुकी थी लेकिन ऐन वक्त पर विभाग ने परीक्षा कार्यक्रम बदल दिया। 16 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा को स्थगित करते हुए विभाग ने अब 20 मार्च से वार्षिक परीक्षा कराए जाने का फैसला किया है। इसके लिए संशोधित समय सारिणी जारी कर दी गयी है।
नई समय सारिणी के मुताबिक अब कक्षा 2 से 8 तक की परीक्षाएं 20 मार्च से प्रारंभ होकर 27 मार्च तक चलेंगी। परीक्षा के समाप्त होते ही 28 मार्च को उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जायेगा तथा 29 मार्च को परीक्षाफल तैयार होगा। परीक्षा का कार्य देख रहे जिला समन्वयक प्रशिक्षण हरि गोविंद यादव ने बताया कि संशोधित समय सारिणी की जानकारी सभी शिक्षकों को दे दी गयी है। परीक्षाएं अब 20 मार्च से प्रारंभ होंगी।
