गोंडा की 5 ग्राम पंचायतों को मिला मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार
कटरा बाजार की ग्राम पंचायत भगहरिया पूरे मितई को मिली 35 लाख रुपये की धनराशि
गोंडा, अमृत विचार। पंचायत सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 5 ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया है। इस पुरस्कार में पहला स्थान कटरा बाजार की ग्राम पंचायत भगहरिया पूरे मितई को मिला है। पूरे मिठाई को 35 लाख रुपए की पुरस्कार धनराशि आवंटित की गई है। पुरस्कार की धनराशि से ग्राम पंचायत में विकास के कई कार्य कराए जा सकेंगे। इस धनराशि से कराए जाने वाले विकास कार्यों की सांकेतिक सूची भी सरकार की तरफ से जारी कर दी गई है। आवंटित धनराशि को इन्हीं कार्यों पर खर्च करना होगा।
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के तहत प्रदेश के सभी जिलों से पांच-पांच ग्राम पंचायत को चयनित किया गया है इसमें गोंडा जिले की कटरा बाजार ब्लॉक की ग्राम पंचायत भगहरिया पूरे मितई को पहला, वजीरगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत वजीरगंज को दूसरा, बभनजोत ब्लाक के तालागंज ग्रांट को तीसरा, ग्राम पंचायत सागवान को चौथा व मनकापुर के सिसवा को पांचवा स्थान मिला है।चयनित ग्राम पंचायतों को क्रमवार पुरस्कार धनराशि आवंटित की गयी है। भगहरिया पूरे मितई को 35 लाख, वजीरगंज को 30 लाख, तालागंज ग्रांट को 20 लाख, सागवान को 15 लाख व सिसवा को 10 लाख रुपये का पुरस्कार मिला है। पुरस्कार की धनराशि से गांव में कई तरह के विकास कार्य कराये जायेंगे। इन विकास कार्यों की सांकेतिक सूची भी पंचायती राज विभाग की तरफ से जारी कर दी गयी है।
पुरस्कार मद से कराई जा सकेंगे यह कार्य
पुरस्कार की धनराशि से ग्राम पंचायत में जिन विकास कार्यों को कराया जाना है सरकार ने उसकी सांकेतिक सूची भी ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराई है। ग्रामीणों के सामूहिक कार्यक्रमों की सुविधा के लिए सद्भाव लान का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण जनों को एक ही स्थान पर सभी सामग्रियों की उपलब्धता व उच्च जीवन स्तर के विकास के लिए ग्रामीण बाजार, कृषि यंत्रों की उपलब्धता के लिए विज्ञान भवन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, ग्राम वाटिका, ओपन जिम, योगशाला, मिनी खेल स्टेडियम, रोजगार प्रशिक्षण केंद्र, अंत्येष्टि स्थल, आरोग्य केंद्र, सार्वजनिक पुस्तकालय, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, ग्राम पंचायत भंडारण गृह, स्मार्ट क्लासेस फॉर फर्नीचर्स, सोलर शक्ति केंद्र तथा ग्रामीणों में देशभक्ति की भावना जागृत करवे के लिए स्वराज स्थल का निर्माण कराया जाएगा।
हमारी पंचायत पोर्टल पर दर्ज होगा खर्च का ब्योरा
जिन ग्राम पंचायत को पुरस्कार की धनराशि मिली है उनके खर्चों का हिसाब रखने के लिए सरकार की तरफ से "हमारी पंचायत" पोर्टल विकसित किया जा रहा है। इसी पोर्टल पर कराए गए कार्य और खर्च की गई धनराशि का हिसाब देना होगा।
ये भी पढ़ें -अखिलेश यादव ने इलेक्टोरल बॉन्ड को बताया BJP सरकार की वसूली, कहा-ये है PDA के प्रताड़ना की भाजपाई गारंटी
