लखीमपुर-खीरी: युवक ने महिला से की दुष्कर्म की कोशिश, विरोध करने पर हत्या का प्रयास 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: थाना खीरी क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी युवक एक महिला के घर घुस गया और उसे दबोच लिया। उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी और महिला के बीच मारपीट हुई। शोर शराबा होने पर आरोपी महिला को जान से मार देने की धमकी देते हुए भाग निकला।

थाना खीरी क्षेत्र के एक गांव की 28 वर्षीय महिला ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। वह अपने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ घर में रहती है। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे पड़ोस का ही सुशील उसके घर में घुस आया और उसे दबोच लिया। छेड़छाड़ कर दुष्कर्म करने की कोशिश की। 

उसने शोर मचाया तो आरोपी ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। शोर शराबा होने पर आसपास के तमाम लोग भी उसके घर के बाहर आ गए। हाथापाई के दौरान महिला के हाथ में हंसिया आ गया। उसने हंसिए में लगे बेट से जब आरोपी पर प्रहार किया तो वह घर से भाग गया। उसे घर से निकलकर भागते हुए दरवाजे पर खड़े आसपास के कई लोगों ने भी देखा है। जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। 

पीड़ित महिला ने बताया कि उन्होंने घटना के बाद आरोपी के घर वालों को जब पूरी घटना की जानकारी दी और विरोध जताया तो इससे आरोपी की पत्नी भड़क उठी और गाली-गलौज करते हुए उसे पकड़ लिया। इसी बीच आए आरोपी सुशील ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उसके साथ जमकर मारपीट की। किसी तरह से वह छूटकर अपने घर पहुंची और यूपी 112 पुलिस को कॉल की। 

सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को आते देख आरोपी घर से भाग निकला। पीड़ित महिला अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर थाना खीरी पहुंची और एसओ अजीत कुमार को पूरी घटना बताई। आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजकर आईं चोटों का परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: शिक्षक संघ धौरहरा अध्यक्ष पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार