लखीमपुर-खीरी: छप्पर से लटका मिला किशोरी का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना शारदानगर क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव सोमवार की सुबह घर के अंदर छप्पर से लटका बरामद हुआ है। किशोरी के परिवार वालों ने दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है।

शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और परिवार वालों से जानकारी ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आई है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए डॉक्टर ने स्लाइड बनाकर पुलिस को सौंपी है। जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। 

थाना शारदानगर के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सुदलहापुर गांव अपने साढ़ू के घर गए हुए थे। घर में 14 वर्षीय पुत्री अपनी दादी और छोटी बहन के साथ की। रविवार की रात वह कमरे में अकेली सो रही थी, जबकि उसकी  दादी और छोटी बहन घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रही थी। सुबह जब किशोरी की दादी सोकर उठीं तो  कमरे के आगे पड़े छप्पर से उसका शव लटकता रहा था। 

छप्पर के नीचे पड़े तख्त पर शव के पैर पूरी तरह से सटे हुए थे। गले में उसका दुपट्टा कसा हुआ था। यह देख घर में चीख पुकार मच गई। आसपास के तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों ने घटना की सूचना उसके पिता को दी। सूचना पाकर पिता अप्नी पत्नी और दो बच्चों के साथ गांव पहुंचा। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव देख उसके पिता और माता बिलख पड़े। 

उधर सूचना पाकर एसपी गणेश प्रसाद साहा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक किशोरी की दादी, पिता और माता से भी अलग-अलग बातकर जानकारी ली। मृतक किशोरी के पिता ने बताया कि उसकी पुत्री कक्षा नौ की छात्रा थी। उन्होंने दुष्कर्म के साथ हत्या होने की आशंका जताई। उन्होंने बताया कि पुत्री के गले में फांसी लगने जैसे कोई निशान नहीं थे। 

उसके निचले कपड़े खून से सने थे और काफी खून शव के पास पड़ा था। एसपी के निर्देश पर मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्ट्मार्टम के लिए भेज दिया। शव का तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। 

पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट में फांसी लगने से मौत होने की बात कही गई है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए डॉक्टरों ने स्लाइड बनाई है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस स्लाइड को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजने की तैयारी कर रही है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमारा मौर्या ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। शव के पास खून पड़ा था। उसके कपड़े भी खून से सने थे। शरीर पर कोई जाहिरा चोट आदि के निशान नहीं थे। 

किशोरी का शव घर के अन्दर छप्पर से लटका हुआ बरामद हुआ है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। शव का परीक्षण डॉक्टरों के पैनल से करवाया गया है। पोस्टमार्टम अभी देखी नहीं है। रिपोर्ट में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी---गणेश प्रसाद साहा, एसपी।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: ट्रक से कुचलकर युवक की मौत, साथी घायल

संबंधित समाचार