Exclusive: अजय कपूर के करीबी छह पार्षद बोलेंगे जय श्रीराम; अंदर खाने स्क्रिप्ट हुई तय, जगह और समय का चुनाव बाकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा नेता का दावा- तीन और नाम शामिल

अभिषेक वर्मा, अमृत विचार। भाजपा में अन्य दलों के नेता, पदाधिकारी और सामान्य कार्यकर्ता लगातार शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस के बड़े चेहरे अजय कपूर ने हाल में ही भाजपा की सदस्यता ली है। अब अजय कपूर के करीबी छह पार्षद भी जल्द भाजपा का दामन थाम सकते हैं। इसको लेकर अंदरखाने स्क्रिप्ट तैयार हो गई है। बस अब जगह और समय का चुनाव होना बाकी है। भाजपा के सूत्रों की मानें तो पार्षदों को प्रदेश या क्षेत्रीय कार्यालय में भाजपा की सदस्यता दिलाई जा सकती है। 

कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय कपूर ने 13 मार्च को दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली थी। जब अजय कपूर दिल्ली में थे तो उस समय शहर के एक कांग्रेसी पार्षद और उनके पति अजय के साथ में थे। इधर पार्षद और उनकी पत्नी 11 मार्च को हुये नगर निगम सदन में शामिल होने के लिए दिल्ली से लौटकर आये तो उसके एक दिन बाद अजय ने दिल्ली में भाजपा ज्वाइन कर ली। 

अब यह दोनों भी भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। इधर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद शनिवार को पहली बार शहर पहुंचे तो उनके साथ कई कांग्रेसी पार्षद नजर आये थे। चकेरी एयरपोर्ट पर तो सपा समर्थित एक निर्दलीय पार्षद उनकी गाड़ी पर खड़े दिखे, इसके साथ ही पूरी स्वागत यात्रा में गोविंद नगर के एक कांग्रेस पार्षद के बेटे को भी अजय के साथ देखा गया। माना जा रहा है इन पार्षदों का भाजपा की सदस्यता लेना तय है।

दो को दिलाया टिकट, अब साथ देना मजबूरी

दक्षिण में कांग्रेस के एक पार्षद का भी भाजपा में जाना तय माना जा रहा है। कांग्रेस के नेताओं की मानें तो अजय कपूर की सिफारिश पर ही इस पार्षद को कांग्रेस का टिकट मिला था। इसी वार्ड के बगल में कांग्रेस के टिकट से जीते पार्षद भी अजय कपूर के करीबी कहे जाते हैं। अजय के भाजपा में शामिल होने के बाद वह लगातार अजय कपूर के करीब देखे जा रहे हैं। कांग्रेस के यह दोनों पार्षद भी जल्द भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। 

भाजपा नेता का दावा, तीन और नाम शामिल

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि भाजपा में आने वाले कांग्रेस व निर्दलीय पार्षदों की सूची में तीन और नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के टिकट से पार्षद बनी एक महिला नेत्री अपने पति व पूर्व पार्षद के साथ भाजपा की सदस्यता ले सकती हैं। अजय कपूर के सामने ही यह तय हो गया है। 

भाजपा नेता ने बताया कि कांग्रेस के दो पूर्व पार्षद का नाम भी भजापा की सदस्याता लेते वालों की लिस्ट में है। इस तरह कुल छह पार्षद और दो पूर्व पार्षद समेत आठ नेता अजय के नेतृत्व में भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। बड़ी संख्या में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की लिस्ट अजय कपूर के कार्यालय में बन रही है। जिन्हें भाजपा ज्वाइन कराना है।

यह भी पढ़ें- Special: कानपुर में दिव्यांग 1.16 लाख और वोटर मात्र 26 हजार; दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उठाई जांच की मांग

संबंधित समाचार