बरेली: सैटेलाइट पुल 95 फीसदी तैयार, 10 करोड़ रुपये बढ़ी लागत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जिस तेजी से बरेली-शाहजहांपुर मार्ग स्थित सैटेलाइट चौराहे पर उपरिगामी पुल निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, उसी तेजी से पुल निर्माण की लागत भी बढ़ती गयी। 10 करोड़ रुपये की लागत बढ़ी है। पहले इस पुल का निर्माण 2678 लाख रुपये में प्रस्तावित किया गया था। अब निर्माण के लिए पुनरीक्षित …

बरेली,अमृत विचार। जिस तेजी से बरेली-शाहजहांपुर मार्ग स्थित सैटेलाइट चौराहे पर उपरिगामी पुल निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, उसी तेजी से पुल निर्माण की लागत भी बढ़ती गयी। 10 करोड़ रुपये की लागत बढ़ी है। पहले इस पुल का निर्माण 2678 लाख रुपये में प्रस्तावित किया गया था। अब निर्माण के लिए पुनरीक्षित बजट जारी कर दिया गया। संयुक्त सचिव अभय कुमार ने 3651 लाख रुपये के पुनरीक्षित बजट को वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद आदेश जारी कर दिया है।

सेतु निगम की ओर से 24 फरवरी को पुनरीक्षित बजट की फाइल मुख्य अभियंता सेतु लोक निर्माण विभाग को भेजी गयी। वहां से फाइल शासन में दौड़ी। करीब आठ माह के बाद पुनरीक्षित बजट जारी हुआ है। पुल निर्माण में जो अड़ंगे लग रहे थे, 10 करोड़ रुपये और मिलने से अब वह रुकावट नहीं बनेंगे। वैसे भी पुल का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

बरेली का यही एक इकलौता पुल है, जिसका कार्य अन्य पुलों की अपेक्षा बहुत तेजी से कराया जा रहा है। पुल का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। सभी पिलर आपस में जोड़े जा चुके हैं लेकिन सड़क निर्माण का कार्य शेष है। हालांकि, पुल शुरू होने की राह में विद्युत लाइन अड़ंगा बनी हुई है। सेतु निगम के अधिकारी कह रहे हैं कि पुल निर्माण का शेष कार्य जल्द पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विद्युत लाइन शिफ्ट करने में 994 लाख रुपये खर्च
सेटेलाइट चौराहे पर उपरिगामी पुल शुरू होने में सबसे बड़ा अड़ंगा विद्युत लाइन का बना हुआ है। बिजली विभाग की ओर से विद्युत लाइन शिफ्टिंग में करीब 994 लाख रुपये का खर्चा बताया गया है। पुनरीक्षित बजट के साथ यह फाइल भी शासन में पहुंची हुई थी। इसे भी स्वीकृति दे दी गयी। इसके साथ पुल निर्माण में वन विभाग के कई पेड़ों की भेंट भी चढ़ गयी। करीब 24 लाख रुपये वन विभाग को भी देना है। दोनों मामलों में धनराशि जारी कर दी गयी है।

रामगंगा पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा
सेतु निगम ने रामगंगा (चौबारी) पुल का अपने हिस्से का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया है। यहां तक सड़क भी बना दी है। रेलिंग पर पेंटिंग जोर-शोर से करायी जा रही है। पुल को जल्द शुरू करने की तैयारी तेज हो गयी है। उम्मीद जतायी जा रही है कि इस बार दीपावली तक पुल शुरू हो सकता है। हालांकि, पुल के दोनों हिस्सों की सड़क निर्माण का कार्य लोनिवि को करना है। लोनिवि भी सड़क निर्माण कराने की तैयारी में जुटा हुआ है।

सेतु निगम ने रामगंगा पर करीब सात सौ मीटर लंबा पुल बनाया है। 95 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शासन के संज्ञान लेने के बाद सेतु निगम ने तेजी से काम कराया। अक्टूबर के पहले सप्ताह में पुल का निर्माण पूरा करा लिया गया है। इसके लिए पिछले साल करीब 57 करोड़ रुपये का रिवाइज एस्टीमेट मंजूर हुआ था। इसके बाद माना जा रहा था कि कार्य तेजी से होगा लेकिन काम लापरवाही से कराने की वजह से अब जाकर कार्य पूरा हुआ है।

लालफाटक पुल अधूरा, अब मुख्य सड़क भी बंद
सबसे ज्यादा परेशानी लालफाटक मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को झेलनी पड़ रही है। वर्ष 2017 से लालफाटक पर दोनों रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर से पुल का निर्माण कराया जा रहा है लेकिन पुल अभी तक अधूरा पड़ा है। तीन हिस्सों में बनने वाले पुल का एक भी हिस्सा अभी तक जुड़ा नहीं है। राहगीरों को वाहन के साथ वहां से निकलने में तमाम दिक्कतें पहले से झेलनी पड़ रही थीं, अब लालफाटक वाली मुख्य सड़क भी बंद कर दी गयी है। इससे आमजनों की दिक्कतें और बढ़ गयी हैं।

संबंधित समाचार