Bareilly News: गोल्डन बाबा समेत दो कबाब कारीगर की हत्या के दोषी करार, 21 मार्च को सुनाई जाएगी सजा
बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीडीए ऑफिस के पास कबाब कार्नर पर दो युवकों ने बेस्वाद कबाब बताकर कारीगर नासिर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मंगलवार को अपर सत्र न्यायाधीश देवाशीष की कोर्ट ने किला निवासी मयंक रस्तोगी उर्फ गोल्डन बाबा और तजीम शम्सी को दोषी पाते हुए दोष सिद्ध करार दिया। इस मामले में सजा 21 मार्च को सुनाई जाएगी।
सरकारी वकील अचिन्त्य द्विवेदी ने बताया कि शिकायतकर्ता अंकुर सब्बरवाल ने थाना प्रेमनगर में 4 मई 2023 को तहरीर देकर बताया था कि रात में नासिर अपने दो कारीगरों के साथ सेंटर पर काम कर रहा था। इसी दौरान उत्तराखंड नंबर की इनोवा कार से दो युवकों ने आकर कबाब का ऑर्डर दिया। दोनों युवक नशे में थे। कबाब देने पर दोनों युवकों ने कबाब को बेस्वाद बताया।
कारीगर नासिर के कमी पूछने और गाली का विरोध करने पर युवक ने तमंचे से नासीर के सिर में गोली मार दी। अस्पताल में नासिर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकिया था और विवेचना में दोनों आरोपियों का नाम प्रकाश में आया था।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: दरोगा और फर्जी पत्रकारों की गिरफ्तारी न होने पर SSP ने लगाई फटकार
