रायबरेली: पुलिस की डाट से क्षुब्ध युवती ने फंदा लगाकर दी जान, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अपहृता किशोरी की खोजबीन के मामले में पुलिस ने मृतका को थाने में बुलाकर धमकाने का आरोप

खीरों/रायबरेली, अमृत विचार। बुधवार को सुबह खीरों क्षेत्र के गांव पूरे चौधराईन मजरे बरौला में पुलिस की डाट से क्षुब्ध होकर एक युवती ने कमरे के अंदर धोती के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अपनी ननिहाल में रहती थी। मृतका के ननिहालीजनों ने खीरों पुलिस पर एक अपहृता किशोरी की खोजबीन के मामले में मृतका और उसके मामा को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका के मामा सकठू लोधी निवासी पूरे चौधराईन मजरे बरौला ने बताया कि विगत लगभग दो सप्ताह पूर्व मेरे पड़ोस की लड़की रौनक उर्फ चांदनी पुत्री रामचन्द्र किसी लड़के के साथ भाग गई थी। इससे पूर्व रौनक कभी-कभी अपने रिश्तेदारों से बात करने के बहाने मेरा फोन लेकर अपने प्रेमी से बात करती थी। लेकिन मुझे इस बात की जानकारी नहीं थी। 

रौनक के भाग जाने के बाद खीरों पुलिस रविवार को मुझे पकड़ ले गई और पूछताछ के नाम पर मुझे चार दिन पुलिस हिरासत में रखा गया। मेरी भांजी कोमल लोधी (20) पुत्री राकेश लोधी निवासी टेडवा फर्रुखाबाद मेरे घर पर रह कर पढ़ाई करती थी। कोमल ने वर्ष 2023 में कस्बा खीरों के एक इंटर कालेज से इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। कोमल को भी खीरों पुलिस ने एक बार बुलाकर रौनक के बारे पूछताछ की थी।

मंगलवार फिर से खीरों पुलिस ने कोमल को पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया और पूरा दिन थाने पर बैठा कर रखा गया। इस दौरान पुलिस ने कोमल को डराया धमकाया कि यदि दो दिन में रौनक नहीं मिली तो उसे और उसके मामा को जेल भेज दिया जायेगा। काफी अनुनय विनय के बाद पुलिस ने कोमल और उसके मामा सकठू को दो दिन का समय देकर छोड़ दिया। 

 

मंगलवार को घर पहुंचने पर कोमल बहुत डरी और सहमी थी। बुधवार को सुबह कोमल की नानी  कमला खेतों में शौंच के लिए चली गई। नाना जगन्नाथ भी किसी काम से बाहर चले गए। उसके मामा सकठू और बिंदा प्रसाद अपने बच्चों के साथ दूसरे घर में थे। नानी के घर पहुंचने पर कोमल नहीं मिली तो लगभग दो घंटे तक सभी लोगों ने काफी खोजबीन की। उसके बाद घर में एक कमरे के अंधेरे कोने में उसे साड़ी के सहारे फांसी पर लटका देखा तो परिजनों में कोहराम और गांव में हड़कंप मच गया। 

इस घटना से सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका को अपहृता किशोरी की खोजबीन के मामले में पूंछतांछ के लिए थाने पर बुलाया गया था। लेकिन उसे डराया धमकाया नहीं गया है।

यह भी पढ़ें:-"... हां मैं संपर्क में हूं", सपा में जाने के सवाल पर बोले स्वामी प्रसाद मौर्य

संबंधित समाचार