कासगंज: मिलावटखोरों पर FSDA ने कसा शिकंजा, छापेमारी कर खाने-पीने की इन चीजों के लिए सैंपल
मिष्ठान एवं कचरी विक्रेताओं के यहां की गई चेकिंग, दूध, खोवा, गुजिया, रंगीन कचरी के लिए गए सैंपल
कासगंज, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FSDA) ने शुक्रवार को शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत शहर में मिष्ठान, कचरी व अन्य खाद्य सामग्री विक्रेताओं के यहां चेकिंग की गई। दूध, खोवा एवं रंगीन कचरी के नमूने लिए गए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
होली के त्योहार पर खाद्य पदार्थो में मिलावट खोरी रोकने के लिए बीते कई दिनों से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शहर और कस्बों में खाद्य विक्रेताओं के यहां खाद्य सामग्री की चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में एसडीमए सदर संजीव कुमार के नेतृतव में जिला अभिहित अधिकारी ने विभागीय टीम के साथ शहर के नदरई गेट, सोरों गेट, सहावर गेट, बिलराम गेट सहित अन्य उपबाजारों में खोवा, दूध, मावा के विक्रेताओं एवं निर्माताओं के यहां चेकिंग की।
टीम ने शहर के बाजारों में परचून एवं होली त्योहार से संबंधित खाद्य सामग्री विक्रेताओं के यहां चेकिंग कर नमूने लिए। टीम द्वारा हलवाईयों के यहां से खोवा, दूध, गुजिया व तैयार अन्य पकवानों के सैंपल लिए गए। निर्माताओं के यहां प्रयोग किए जाने वाले मैदा, सूजी, बेसन, घी, रिफाइंड की भी जांच की गई और नमूने लिए गए।
जिला अभिहित अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मिलावट खोरी रोकने को जिले भर में अभियान चल रहा है। खाद्य पदार्थ निर्माताओं को चेतावनी दी गई है कि वह केमीकल युक्त रंगों का प्रयोग न करें। उन्होंने बताया कि लिए गए सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि मिलावट पाई जाती है तो इनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- कासगंज: बूंद-बूंद पानी को तरसे बाशिंदे, 6 दिन से जलसंकट को लेकर वार्डवासियों में रोष
