Chitrakoot: किराये पर ट्रैक्टर लेकर हड़पने वाला गिरफ्तार, छह वाहन बरामद, बेचने के लिए निकला था...रास्ते में मिल गई पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में किराये पर ट्रैक्टर लेकर हड़पने वाला गिरफ्तार

चित्रकूट, अमृत विचार। पुलिस ने किराये पर ट्रैक्टर लेने और फिर उसे हड़पने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसका साथी पुलिस पर फायरिंग करके भाग निकला। पुलिस ने आरोपी से छह ट्रैक्टर, एक ट्राली और कंप्रेसर मशीन बरामद की है। 

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। बताया कि 19 मार्च को सेमरा निवासी हिमांशु सिंह ने बरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि थाना शंकरगढ़ (प्रयागराज) के गांव गाढ़ा कटरा निवासी कमल सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी और डेरावारी निवासी बाला उर्फ दीवेशपति द्विवेदी पुत्र अवधेश चंद्र द्विवेदी ने उसका ट्रैक्टर-ट्राली प्रतिमाह 24 हजार रुपये के आधार पर 11 माह के एग्रीमेंट पर किराये पर लिया था। 

महीना पूरा होने पर किराया नहीं मिला और ट्रैक्टर का भी पता नहीं चला। 22 मार्च को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बरगढ़ राकेश मौर्य ने गोकुलपुर तिराहे से ट्रैक्टर पर बैठे कमल सिंह को दबोच लिया। एसपी के अनुसार, कड़ाई से पूछतांछ पर कमल ने बताया कि हिमांशु को किराये का लालच देकर दोनों ने उसका ट्रैक्टर लिया था और इसे बेचने जा रहे थे। 

यह भी बताया कि दोनों लोगों को किराये का लालच देकर ट्रैक्टर ले जाते है और फिर बेच देते हैं। किसी का ज्यादा दबाव पड़ता है तो कुछ पैसा वापस भी कर देते हैं। दोनों ने दो ट्रैक्टर, एक ट्राली व एक कंप्रेसर मशीन मऊ से तथा दो ट्रैक्टर व एक ट्राली शिवराजपुर, शंकरगढ़ से भी किराये पर लिए हैं।

मऊ की ट्रैक्टर ट्राली को कबाड़ी को बेच दिया था। उसने यह भी बताया कि पांच ट्रैक्टर,  एक ट्राली व एक कंप्रेसर मशीन मड़हा के जंगल मे एक खाली पड़े मकान के पास रखी है, जिसकी रखवाली बाला कर रहा है। वह ग्राहक ढूंढने निकला है। इस पर पुलिस जंगल में खाली पड़े मकान के पास पहुंची। 

एसपी के अनुसार, बाला फायर करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।  मौके से पांच ट्रैक्टर व अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई राधेश्याम सिंह, मुख्य आरक्षी चालक रमेश चंद्र, आरक्षी योगेश, शुभम पटेल और अखिलेश शामिल रहे।

ये भी पढ़ें- इटावा में प्रो. रामगोपाल यादव बोले- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का जनता देगी माकूल जवाब

संबंधित समाचार