लखनऊ: सोमवार को दोपहर बाद चलेगी मेट्रो, सिटी बस और ऑटो
लखनऊ, अमृत विचार। होली वाले दिन सोमवार को मेट्रो का संचालन दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा। सीसीएस मेट्रो स्टेशन और मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा सुबह के समय बंद रहेगी। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने यह जानकारी दी। होली वाले दिन दोपहर के बाद ऑटो-टेंपो का संचालन भी शुरू हो जाएगा। यह जानकारी लखनऊ ऑटो रिक्शा थ्री व्हीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज दीक्षित ने दी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को सामान्य किराया ही देना है। मनमाना किराया वसूलने वालों के विरुद्ध शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर बाद चलेंगी सिटी बसें
राजधानी में सिटी बसों का संचालन भी दोपहर बाद शुरू हो जाएगा। सिटी बस प्रबंधन के एमडी आरके त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। अधिकांश रूटों पर बसें दौड़ती नजर आएंगी। भीड़ बढ़ने पर रोड पर बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ा दी जाएगी। फैजाबाद रोड स्थित बीबीडी से लेकर स्कूटर इंडिया तक और ठाकुरगंज से लेकर सुल्तानपुर रोड तक सिटी बसों का संचालन किया जाएगा। बसों के संचालन से लोग आसानी से अपनों से होली मिलने आ-जा सकेंगे।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: होली के चलते कल इन अस्पतालों में बंद रहेगी ओपीडी
