Kanpur: होली के हुजूम में उमड़ी रेलवे स्टेशन में भीड़...ट्रेन में चढ़ते वक्त महिला गिरी, मौत, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
कानपुर में होली के त्योहार पर रेलवे स्टेशन में यात्रियों की भीड़ उमड़ी
कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर स्टेशन पर भारी भीड़ के बीच ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़े यात्रियों का धक्का लगने से एक युवती ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच गिरकर फंस गई। जब तक ट्रेन रोकी गई, युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
होली पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ रविवार सुबह से ही कल्याणपुर स्टेशन पर थी। कन्नौज से फर्रुखाबाद जाने वाली पैसेंजर सुबह 5.20 बजे कल्याणपुर स्टेशन पहुंची तो ट्रेन में चढ़ने के लिए भीड़ दौड़ पड़ी।
मूलरूप से कन्नौज निवासी अवधपाल अपनी 22 वर्षीय पत्नी अंशु यादव, चार वर्षीय बेटे यश व साली राखी के साथ घर जाने के लिए स्टेशन पर बैठे थे। ट्रेन रुकते ही वह भी सामान लेकर ट्रेन पर चढ़ गए। अंशु चढ़ रही थी कि तभी ट्रेन चलने लगी।
इसी बीच ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ रहे यात्रियों का धक्का अंशु को लग गया और वह प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच गिरकर फंस गई। हो-हल्ला होने पर जब तक ट्रेन रुकी, अंशु गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिस उसे समीप के एक अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के अनुसार एक दिन पहले ही घर जाने का प्लान था, मगर खरीदारी व अन्य कारणों से नहीं जा सके। क्या पता था त्योहार के दिन ऐसा हो जाएगा।
ये भी पढ़ें- Holika Dahan Timing: होलिका दहन करते समय इन बातों का जरूर रखें ध्यान...रात इतने बजे से है शुभ मुहूर्त
