किच्छा: प्रेमिका की नाबालिग पुत्री को बनाया हवस का शिकार

किच्छा: प्रेमिका की नाबालिग पुत्री को बनाया हवस का शिकार

किच्छा, अमृत विचार। पति का साथ छोड़कर युवक के साथ रह रही एक महिला के प्रेमी ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुराचार कर दिया। बालिका के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने काम पर गई महिला को घटना की जानकारी दी। इधर, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे उत्तर प्रदेश की सीमा से गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार महिला का विवाह यूपी के बरेली जिला शेरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में हुआ था। नशे के आदी पति को कुछ माह पहले छोड़कर महिला अपनी आठ वर्षीय पुत्री के साथ किच्छा कोतवाली अंतर्गत क्षेत्र में आ गई। महिला अपनी मर्जी से प्रेमी और 8 वर्षीय पुत्री के साथ रहने लगी और किसी के घर में काम करके जीवन यापन करने लगी।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि दो दिन पूर्व वह काम पर गई हुई थी। घर पर उसकी पुत्री अकेली थी। आरोप है कि घर पहुंचे प्रेमी ने उसकी पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म किया। बालिका के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उसे जब घटना की जानकारी दी तो वह काम छोड़कर घर आ गई।

दुष्कर्म करने के बाद आरोपी प्रेमी मौके से फरार हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा दुराचार की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी बीएस चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना के बाद शेरगढ़ फरार हो रहे आरोपी युवक को उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश की सीमा पर दरऊ चौकी क्षेत्र में दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।