अंबेडकरनगर में सपा को बड़ा झटका, इन दिग्गज नेताओं ने थामा BJP का दामन-डिप्टी CM ने दिलाई सदस्यता
अंबेडकरनगर/लखनऊ, अमृत विचार। जनपद में सपा को बुधवार को बड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी की पूर्व राज्यमंत्री विद्यावती राजभर और अकबरपुर ब्लॉक प्रमुख देविका वर्मा और उनके पति आनंद वर्मा समेत करीब तीन दर्जन से अधिक सपाईयों ने एक साथ भाजपा का दामन थाम लिया है। लखनऊ स्थित बीजेपी कार्यालय पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और सभी का भाजपा में स्वागत किया है।
बता दें कि बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर अंबेडकरनगर से लोकसभा प्रत्याशी सांसद रितेश पांडे की अगुवाई में तीन दर्जन से अधिक सपा नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। सांसद रितेश पांडे ने भाजपा परिवार में सभी सपाईयों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में सभी एकजुट होकर कमल खिलाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथों को मजबूत करने के लिए अपील किया है।
बुधवार को सपा के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राकेश कुमार यादव, सपा के जिला पंचायत सदस्य रविंद्र कुमार यादव, सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणजीत पासवान, सपा जिला उपाध्यक्ष आनंद वर्मा, अकबरपु से सपा ब्लॉक प्रमुख देविका वर्मा, सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ विधान सभा अध्यक्ष राजेश पाल, सपा प्रदेश महासचिव दिग्विजय पटेल, सपा कार्यकारणी सदस्य छोटू सिंह, पूर्व राज्यमंत्री विद्यावती राजभर, सपा जिला पंचायत सदस्य माखन लाल निषाद, सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश राजभर, सपा जिला पंचायत सदस्य अंगद निषाद, सपा जिला पंचायत सदस्य मनोज वर्मा, सपा जिला पंचायत सदस्य सोनू पहलवान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बिल्लू वर्मा, बसपा के जिला पंचायत सदस्य सुनील वर्मा समेत कई नेताओं ने सपा और बसपा को छोडक़र भाजपा का दामन थाम लिया है।
सपा की सदस्यता से दिया था इस्तीफा
बता दें कि सपा के जिला उपाध्यक्ष आनन्द वर्मा और उनकी पत्नी अकबरपुर ब्लाक प्रमुख देविका वर्मा ने बीते मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। हालांकि दोनों ने इस्तीफा देने का कारण नहीं लिखा था, लेकिन कई दिनों से उनके सपा छोडऩे की चर्चा जोरों पर थी। आनंद वर्मा इससे पहले बसपा में थे और पूर्व मंत्री लालजी वर्मा के करीबी भी रहे हैं, लेकिन उनसे नाराजगी के बाद वह पूर्व मंत्री राम मूर्ति वर्मा के करीबी बन गए और सपा में शामिल हो गए। राम मूर्ति वर्मा ने जिला उपाध्यक्ष बनवाया तो उनकी पत्नी को अकबरपुर से ब्लाक प्रमुख का टिकट दिलवा कर ब्लाक प्रमुख बनवाया।
ये भी पढ़ें -मेरे पति 28 मार्च को अदालत में आबकारी नीति मामले में सच्चाई बताएंगे: सुनीता केजरीवाल
