टनकपुर: पाटी में 25 वर्षीय युवक की हत्या... सिर, गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। जनपद चम्पावत के पाटी क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के सिर, गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान हैं। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पाटी विकास खंड के मंगललेख गांव निवासी पान सिंह बिष्ट (25) पुत्र कैलाश सिंह बिष्ट का शव मंगललेख से डेढ़ किलोमीटर दूर सल्यानी तोक पर मिला। पाटी के थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि पान सिंह के सिर और गर्दन में चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पाटी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि पान सिंह की गांव में दुकान थी। वह बीते मंगलवार की रात 11 बजे तक मंगललेख में ही होली कार्यक्रम में दिखाई दिया था।

पाटी क्षेत्र में डेढ़ माह से कम समय में यह दूसरी हत्या की घटना है। इससे पूर्व 14 फरवरी को कजीना गांव के खिलानंद उर्फ खिलेश जोशी की चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोपी बबलू सिंह को पुलिस ने एक ही दिन में दबोच लिया था।

संबंधित समाचार