बदायूं: ट्रेन से कटकर नगर पालिका के संविदाकर्मी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार: कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में कासगंज-बरेली रेलवे लाइन पर ट्रेन से कटकर बिसौली नगर पालिका में तैनात संविदाकर्मी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और जीआरपी पहुंची। जीआरपी दारोगा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई ने एक युवक पर रुपयों के लिए परेशान करने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद लालपुल स्थित शमशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने देर शाम तक तहरीर नहीं दी। 

शहर के गन्ना दफ्तर के पीछे मोहल्ला पटेल नगर निवासी अभय कुमार उर्फ चित्रांश (27) पुत्र मनोज सक्सेना बिसौली नगर पालिका में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर तैनात थे। उनकी शादी लगभग एक साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी मोनी गर्भवती है। वर्तमान में वह चुनाव कार्यालय में ड्यूटी कर रहे थे। गुरुवार सुबह वह कलेक्ट्रेट के लिए निकले थे। 

दोपहर लगभग 12 बजे नेकपुर रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन से कटकर अभय कुमार की मौत हो गई। लोगों के अनुसार वह कासगंज से बरेली जा रही ट्रेन के आगे कूदे थे। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराया। सूचना मिलने पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई ने बताया कि अभय कुमार ने रुपये उधार लिए थे। उन्हें रुपयों के लिए परेशान किया जा रहा था। शाम तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। 

जीआरपी प्रभारी पिंकी चौहान ने बताया कि युवक की ट्रेन से कटकर मौत हुई थी। ट्रेन के चालक से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि युवक गुजर रहा था और ट्रेन की चपेट में आ गया। उझानी क्षेत्र के जीआरपी के दारोगा ने पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम कराया था। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: आदेश का अनुपालन न करने पर बिल्सी कोतवाल तलब, 6 अप्रैल तक मांगा लिखित जवाब

संबंधित समाचार