Unnao: शार्ट सर्किट होने से बिस्कुट एजेंसी में लगी आग, लाखों का सामान जलकर स्वाहा, दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू
उन्नाव, अमृत विचार। नगर के मोहल्ला अंबिकापुरम में शुक्रवार देर रात एक दुकान में शार्टशर्किट होने से आग लग गई। लपटें देख आसपास के लोगों ने दुकान मालिक व पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित के अनुसार आग से लाखों का नुकसान हुआ है।
गायत्री नगर मोहल्ला निवासी अरुण शुक्ला ने बताया कि अंबिकापुरम में उनके बेटे अंकित की एक बिस्कुट कंपनी की एजेंसी है। वहां बिस्कुट के अलावा अन्य काफी सामान रखा था। शुक्रवार देर रात 12 बजे शार्ट शर्किट होने से दुकान में आग लग गई। जिससे दुकान में रखा सामान धू-धूकर जलने लगा। लपटें उठती देख लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। सूचना के करीब एक घंटे के बाद दमकल पहुंची।
तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। दो दमकल वाहनों के कर्मियों ने सुबह चार बजे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस भीषण आग से अगल-बगल की दुकानों की दीवारों में भी दरारें आ गईं। दुकान मालिक अंकित ने बताया कि आग से लाखों का सामान व नगदी भी जली है। हालांकि अभी वे आग से होने वाले नुकसान का सही आंकड़ा नहीं लगा सके।
