Kanpur Dehat: खेलते समय खुले सीवर टैंक में गिरकर सातवीं के छात्र की मौत...परिजनों ने लगाए ये गंभीर आरोप
कानपुर देहात में खेलते समय खुले सीवर टैंक में गिरकर सातवीं के छात्र की मौत
कानपुर देहात, अमृत विचार। आर्यनगर द्वितीय में खेलते समय सातवीं का छात्र पड़ोस में बने गंदे पानी से भरे खुले सीवर टैंक में गिर गया। जिससे छात्र की डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने आसपास की फैक्ट्रियों का गंदा पानी मनमाने तरीके से सीवर टैंक में भरने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है।
रनियां कस्बा के आर्य नगर द्वितीय निवासी सोनू कमल का पुत्र बृजेश बाबू उर्फ वर्ष (13) कक्षा सात का छात्र था। वह शनिवार की देर शाम घर के बाहर दुकान में समान लेने गया था। इसी दौरान पड़ोस के बच्चों के साथ वह भी खेलने लगा। तभी खेलते-खेलते पड़ोस में रहने वाले रामरतन व उनके भाई के प्लाट के बाहर गंदे पानी से भरे खुले सीवर टैंक में गिर गया। इसकी जानकारी साथी बच्चों ने परिजनों को दी गई।
जिस पर बृजेश के परिजनों ने जाकर सीढ़ी के सहारे टैंक में उतर कर उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल अकबरपुर ले गए। जहां ईएमओ डॉ. निशांत पाठक ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया और मृतक की मां सीता देवी, बहन रिया, भाई हर्ष आदि का रो-रो कर बुरा हाल रहा।
मृतक भाई-बहन में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि सीवर टैंक खुला होने के चलते आसपास की फैक्ट्रियों का गंदा भरा हुआ था। जबकि पूर्व में कई बार फैक्ट्री संचालकों को निकलने वाला गंदे पानी का समुचित तरीके से निकासी के लिए कहा जा चुका था, लेकिन मनमानी जारी रही।
जिससे हादसा हो गया और किशोर को जान गंवानी पड़ी। सूचना पर पहुंचे एसआई सूरज कुमार ने छानबीन की। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav 2024: यूपी के सह प्रभारी संजीव चौरसिया कल आएंगे कानपुर, इन दो सीटों पर करेंगे मंथन
