नैनीताल: 1.5 करोड़ से होगा खेल मैदान का कायाकल्प
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल स्थित खेल मैदान में अब खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने मैदान के सौंदर्यीकरण का प्लान तैयार किया है। करीब 149.96 लाख की लागत से मैदान का समतलीकरण कर चारों ओर रेलिंग व फेंसिंग लगाई जाएगी। साथ ही दर्शकों के बैठने के लिए बेंच व खिलाड़ियों के लिए शौचालय भी बनाए जाएंगे।
ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केके जोशी ने बताया कि खेल मैदान से क्रिकेट बॉल और फुटबॉल बाहर न जाए, इसलिए पंत पार्क की ओर दीवार के ऊपर फेंसिंग निर्माण किया जाएगा। कोतवाली से मस्जिद चौराहे तक संकरी सड़क होने के कारण अक्सर जाम की समस्या रहती है।
ऐसे में मैदान की ओर कॉलम खड़े कर सड़क को करीब सात फीट चौड़ा किया जाएगा। मैदान के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए नालों का निर्माण व मौजूदा पार्किंग को भी बेहतर बनाया जायेगा। इसके अलावा न्यू क्लब के पास बाक्सिंग रिंग का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में झील किनारे लगी क्लाइंबिंग वॉल भी न्यू क्लब के पास शिफ्ट की जायेगी।
बजट जारी कर शुरू की टेंडर प्रक्रिया
नैनीताल : डीएसए मैदान का गौरवशाली इतिहास रहा है। सन 1880 में भूस्खलन के बाद इस मैदान का निर्माण हुआ। जिसमें अंग्रेजों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए। ब्रिटिश काल के दौरान स्थापित यह मैदान तमाम राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों का गवाह रहा है। देखरेख के अभाव में मैदान की वर्तमान स्थिति जर्जर हो चुकी है। डीएम वंदना सिंह ने बताया कि जिला विकास प्राधिकरण से कार्यदायी संस्था को बजट जारी कराकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
