बरेली: फतेहगंज पश्चिमी में भाजपाइयों पर दर्ज पुराने केस होंगे वापस, प्रमुख सचिव गृह ने DM को जारी किया पत्र
बरेली/फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। सपा के शासन के दौरान फतेहगंज पश्चिमी में भाजपाइयों के खिलाफ दर्ज किए केस वापस लेने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्यपाल की अनुमति मिलने के बाद शासन के विशेष सचिव न्याय मुकेश कुमार सिंह ने डीएम को इस बारे में पत्र लिखा है।
फतेहगंज पश्चिमी में 1998 मे बिजली संकट के खिलाफ भाजपाइयों ने हाईवे पर जाम लगाया था। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा था। इसके बाद करीब चार सौ लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। वर्ष 2015 में भाजपाइयों पर तब एक और केस दर्ज किया गया, जब काली मंदिर की प्रतिमा खंडित कर प्रतिबंधित पशु का मांस डालने पर धरना देकर विरोध जताया था।
इस मामले में भाजपा नेताओं समेत 60 लोगों को नामजद किया गया था। भाजपा नेता आशीष अग्रवाल के आग्रह पर सांसद संतोष गंगवार ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की थी जिसके बाद मुख्यमंत्री ने मुकदमे वापस लेने का निर्देश प्रमुख सचिव गृह को दिया था। इसके बाद प्रमुख सचिव न्याय ने 15 मार्च को डीएम और एसएसपी से रिपोर्ट मांगी थी।
ये भी पढ़ें- बरेली: गर्मी शुरू होते ही मंडी में आवक कम होने से बढ़े सब्जियों के दाम, कई चीजों के रेट में उछाल
