हल्द्वानी: बंगाल के चक्रवात का उत्तराखंड में भी असर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बंगाल के चक्रवात का उत्तराखंड में भी असर दिखा है। सोमवार को अपरान्ह बाद अचानक मौसम बदल गया और नमी भरी तेज हवाएं चलने लगीं। जिससे तापमान में भी गिरावट आई है। 

हल्द्वानी सहित आसपास के मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोत्तरी की वजह से गर्मी पड़ रही थी। हालांकि सोमवार को मौसम परिवर्तन की वजह से तापमान में कमी रही। सोमवार को पश्चिम बंगाल में आए चक्रवात का असर उत्तराखंड में भी पड़ा। पूर्व से तेज हवाओं ने उत्तराखंड की ओर रूख कर लिया।

हवाओं में नमी होने की वजह से तापमान में गिरावट आई। लोगों को गर्मी से राहत मिली। साथ ही बादल भी छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा और एक बार फिर से गर्मी पड़ने लगेगी। अनुमान जताया गया है कि दो और तीन अप्रैल को ही गर्म हवाएं चलने के भी आसार हैं। इधर हल्द्वानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री रहा। 

पश्चिम बंगाल में आए चक्रवात की वजह से उत्तराखंड में पूर्व से नमी भरी तेज हवाएं चली हैं। इसका असर मौसम परिवर्तन के तौर पर देखने को मिला है।

-डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय, पंतनगर

मार्च में गर्मी ने तोड़ा सात साल का रिकॉर्ड
31 मार्च को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले साल 2017 में 30 मार्च को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री दर्ज किया गया था। साल 2024 में मार्च में गर्मी ने सात साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

संबंधित समाचार