पीलीभीत: मुख्यमंत्री का प्रबुद्ध सम्मेलन आज, सुरक्षा की कमान संभालेंगे 600 पुलिसकर्मी...यहां से होगा रूट डायवर्जन 

पीलीभीत: मुख्यमंत्री का प्रबुद्ध सम्मेलन आज, सुरक्षा की कमान संभालेंगे 600 पुलिसकर्मी...यहां से होगा रूट डायवर्जन 

पीलीभीत, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पीलीभीत सीट पर 19 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। शिक्षित मतदाताओं को साधने के लिए मंगलवार को शहर के सनातन धर्म बांके बिहारी राम  इंटर कॉलेज मैदान पर आज होगा। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहे हैं। 

मुख्यमंत्री के आगमन पर सुरक्षा बंदोबस्त सख्त रहेंगे। एक तरफ भाजपाई कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों में जुटे रहे। वहीं पुलिस ने भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए खाका तैयार कर लिया है। माइक्रोप्लान तैयार करते हुए अधिकारियों ने मातहतों को ब्रीफ किया। ये भी बताया कि ऐसा कुछ न करें, जिसे आचार संहिता का उल्लंघन माना जाए। बाहरी जिलों से भी फोर्स को बुलाया गया है। सोमवार को अफसरों ने भी भ्रमण कर स्थितियों का जायजा लिया।

मंगलवार को राम इंटर कॉलेज के मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रबुद्ध सम्मेलन करेंगे। जिसमें चिकित्सक, अधिवक्ता, अध्यापक ,प्रधानाचार्य, चार्टर्ड अकाउंटेंट आदि को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में करीब दो हजार से अधिक भीड़ जुटने का अनुमान है।  पार्टी की ओर से करीब ढाई हजार पास जारी किए गए हैं। भाजपाई कई दिनों से तैयारियों में लगे हुए हैं। मैदान में टेंट, मंच आदि की तैयारियों को सोमवार को अंतिम रूप दिया गया। 

कार्यक्रम के अनुसार 10:20 बजे  लखनऊ से मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से उड़ान भरेंगे। जिसके बाद 11:25 बजे पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड पर उनका उड़न खटोला उतरेगा। यहां से कार में सवार होकर टनकपुर हाईवे होते हुए मुख्यमंत्री 11:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर आएंगे। इधर, प्रशासनिक अमला भी अलर्ट हो गया है। आचार संहिता के बीच सुरक्षा संबंधी अन्य तैयारियों का खाका खींचा जा  चुका है। ताकि किसी तरह की कोई चूक न हो जाए।

600 पुलिसकर्मियों की लगी ड्यूटी
मुख्यमंत्री का प्रबुद्ध सम्मेलन संपन्न कराने के लिए 600 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें  तीन अपर पुलिस अधीक्षक, आठ सीओ, 11 इंस्पेक्टर को लगाया गया है। यह पुलिस कर्मी आसपास मंडल के अन्य जिलों से फोर्स भी मिली है। कार्यक्रम स्थल के अलावा शहर में निर्धारित किए गए विभिन्न रूटों पर भी फोर्स रहेगा।

डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
प्रबुद्ध सम्मेलन कार्यक्रम को लेकर एक दिन पहले सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी /डीएम संजय कुमार सिंह , एसपी अविनाश पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर , सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, आदि ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां एंट्री गेट से लेकर वीआईपी गैलरी, मंच आदि को चेक किया। साथ ही टेंट लगाने वाले संचालक से जानकारी जुटाई।

इसके अलावा भाजपा पार्टी के पदाधिकारियों से मंचसीन रहने वाले पदाधिकारियों के नाम की सूची भेजने के निर्देश दिए हैं।डीएम ने निर्देश दिए है कि आईकार्ड के बाद ही कार्यक्रम स्थल में एंट्री दी जाए। कार्यक्रम स्थल के आसपास कोई भी वाहन नहीं खड़ा किया जाएगा। ताकि जाम की समस्या न बने।  इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर ही एसपी अविनाश पांडे और एएसपी विक्रम दाहिया ने सीओ, इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर ड़्यूटी का चार्ट प्लान तैयार किया। ताकि कोई भी चूक न हो सके।

शहर के बाहर रोके जाएंगे कमर्शियल वाहन
मुख्यमंत्री के आगमन के चलते जहां प्रत्येक चौराहा पर पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाई गई है। तो वहीं ट्रैफिक पुलिस की ओर भी रुट चार्ट तैयार  किया गया है। जिसके तहत कर्मिशियल वाहनों को हाईवे पर ही रोका जाएगा। उन्हें किसी भी हाल में अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अलावा कार्यक्रम में शामिल होने वाले वीआईपी लोगों के  लिए नौगवां चौराहा पर ओवरब्रिज के नीचे पार्किंग की सुविधा दी गई है। इसके अलावा बसों आदि के लिए रामलीला मैदान को सुरक्षित किया गया है। जहां बसें लगाई जाएंगी। टनकपुर हाईवे पर फोर्स की ड्यूटी लगाई गई है। ताकि जब काफिला निकले। तो वाहनों का आवागमन रोका जा सके।

टनकपुर से आने वाले वाहन रहेंगे डायवर्ट
टनकपुर की ओर से आने वाले वाहनों को टाह पौटा गांव के पास ही रोक दिया जाएगा। इन वाहनों को टाह पौटा गांव के भीतर से निकलते हुए बाईपास से निकला जाएगा। वहां से बरेली, पूरनपुर और बीसलपुर अन्य रूटों के लिए निकल सकते हैं। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस की ड्यूटी इस रूट पर लगाई गई है। किसी भी हाल में बड़े वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा बरेली हाईवे पर टाइगर तिराहा से डायवर्जन रहेगा। इधर, कार्यक्रम स्थल एरिया में नई बस्ती चौराहा से और डिग्री चौराहा से वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। गौहनिया चौराहा से नकटादना चौराहा तक भी भारी पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है।  

एक घंटे तक शहर में रहेंगे मुख्यमंत्री
लोकसभा चुनाव  में मतदाताओं को साधने के लिए प्रबुद्ध सम्मेलन करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर करीब  11:30 बजे पहुंचे। जहां करीब वह एक घंटे तक अपने संबोधन से प्रबुद्ध लोगों को साधने की पूरी कोशिश करें। ताकि लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिल सके। 12:30 बजे कार्यक्रम समाप्त होगा। जहां से वह पुन: पुलिस लाइन पहुंचेगें। जिसके बाद वह बदायूं के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के एक घंटे तक शहर में होने से पुलिस और प्रशासन दोनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।  

मुख्यमंत्री के होने वाले कार्यक्रम को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम को लेकर जिले के अलावा बाहरी जिले के फोर्स भी लगाया गया है- विक्रम दाहिया, एएसपी।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: ...तो वरुण गांधी को कहीं और चुनाव मैदान में उतार सकती है भाजपा! जानिए पूरा मामला