तिहाड़ जेल में केजरीवाल की बेचैनी से कटी पहली रात, जेल अधिकारी ने  बताया- रक्त में शर्करा का स्तर हुआ कम

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में अपनी पहली रात के दौरान 14 फुट लंबी और आठ फुट चौड़ी कोठरी में टहलते दिखे और कुछ देर ही सोए। कारागार के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख केजरीवाल को एक अदालत ने सोमवार को 15 अप्रैल तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। 

कारागार अधिकारियों के मुताबिक, केजरीवाल को सोमवार शाम चार बजे तिहाड़ जेल लाया गया और पहले उनकी चिकित्सकीय जांच की गई। इसके बाद उन्हें कोठरी में भेजा गया जहां वह अकेले रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय उनके रक्त में शर्करा का स्तर 50 मिलीग्राम/डीएल से कम था और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें दवाएं दी गईं। 

केजरीवाल जेल जाने वाले भारत के पहले पदासीन मुख्यमंत्री हैं और उन्हें एशिया के सबसे बड़े कारागार की जेल संख्या दो में रखा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे उनसे मंगलवार को मिल सकते हैं। एक सूत्र ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री को दोपहर में चाय दी गई और रात को घर का बना खाना परोसा गया था। 

उन्होंने बताया कि केजरीवाल को एक गद्दा, कंबल और दो तकिए दिए गए हैं। सूत्र ने बताया कि वह सीमेंट के मंच पर कुछ देर के लिए सोए और देर रात में अपनी कोठरी में टहलते दिखे। कारागार अधिकारियों ने बताया कि सुबह भी केजरीवाल के रक्त में शर्करा का स्तर कम था और वह तिहाड़ जेल के डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

उन्होंने बताया कि जब तक उनके रक्त में शर्करा का स्तर सामान्य नहीं हो जाता, तबतक उन्हें दोपहर और रात में घर का बना खाना खाने की अनुमति दी गई है। सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल ने सुबह अपनी कोठरी में ध्यान किया जिसके बाद उन्हें चाय और दो बिस्कुट दिए गए। तिहाड़ जेल की सुरक्षा से दो कर्मियों और एक जेल वार्डर को उनकी कोठरी के बाहर तैनात किया गया है। 

अधिकारियों ने बताया कि जेल अधिकारी सीसीटीवी कैमरों के जरिए उनपर निगाह रख रहे हैं जबकि उनकी कोठरी के पास त्वारित प्रतिक्रिया दल को तैनात किया गया है। जिन किताबों की मुख्यमंत्री ने मांग की थी, वे उन्हें दे दी गई हैं। उन्होंने ‘रामायण’, ‘महाभारत’ और ‘हाऊ प्राइम मिनिस्टर्स डिसाइड’ का आग्रह किया था। 

केजरीवाल धार्मिक लॉकेट पहने हुए थे और इसे पहनने की उन्हें इजाजत दी गई है। नियमों के मुताबिक, केजरीवाल ने छह लोगों की सूची दी है, जिनसे वह मिलना चाहते हैं। इस सूची में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, उनके बेटे और बेटी, उनके निजी सचिव बिभव कुमार और ‘आप’ के महासचिव (संगठन) संदीप पाठक शामिल हैं। 

दिल्ली की एक अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय की इस दलील को ध्यान में रखते हुए सोमवार को केजरीवाल को 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया कि उनकी रिहाई से दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले की जांच में बाधा आ सकती है। 

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले AAP को बड़ी राहत, संजय सिंह को मिली जमानत

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Bakra Eid 2026 : बरेली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद-उल-अजहा की नमाज संपन्न, शांतिपूर्ण माहौल में कुर्बानी शुरू
Bakra Eid 2026 : लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में अदा हुई बकरीद की नमाज, मंत्री दनिश अंसारी बोले- त्याग और बलिदान का प्रतीक हैं ईद-उल-अजहा
लोकायन : येरकौड उत्सव, प्रकृति और लोकजीवन का अनूठा संगम
Bakra Eid Namaz Live : राजधानी लखनऊ समेत पूरे UP में धूमधाम से मनाया जा रहा बकरीद, मस्जिदों व ईदगाहों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, संभल में नमाजियों पर पुष्प वर्षा
ईद-उल-अजहा 2026 : राष्ट्रपति और पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दी बधाई, कहा- मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है बकरीद