9 अप्रैल को पीलीभीत आएंगे PM मोदी, जानिए कहां उतरेगा उड़नखटोला
पीलीभीत,अमृत विचार: लोकसभा चुनाव में पीलीभीत सीट पर टिकट में किए गए बदलाव के बाद प्रचार-प्रसार का तरीका भी बदलता दिखाई दे रहा है। अभी तक मेनका गांधी और वरुण गांधी के प्रत्याशी रहते स्टार प्रचारकों की आवाजाही नहीं दिखती थी। मगर इस बार टिकट कटा और कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद को पीलीभीत से भाजपा प्रत्याशी घोषित करने के बाद स्टार प्रचारकों व शीर्ष नेताओं की आवाजाही बरकरार है।
दो अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रबुद्ध सम्मेलन कर गए और अब नौ अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। भाजपाई इसे ऐतिहासिक बनाने में जुट गए हैं। वहीं, जनपद में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने को लेकर प्रशासनिक अमले में भी खलबली मच गई है। हेलीपैड के लिए जगह चिन्हित करने की बात हो या फिर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मंथन चलता रहा। अफसरों की दौड़-भाग भी लगी रही।
पीलीभीत सीट पर भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद के लिए जनसभा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ अप्रैल को आएंगे। इसकी घोषणा दो अप्रैल प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान हुए भाषण के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कर गए थे। जिसके बाद अब इस कार्यक्रम को लगभग पक्का माना जा रहा है। चूंकि मामला प्रधानमंत्री की जनसभा से जुड़ा है। वह भी पहली बार पीलीभीत आगमन। ऐसे में भारी भीड़ जुटने के कयास हैं। शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज को जनसभा के लिए चुना गया है।
चूंकि आचार संहिता लागू है, ऐसे में जनसभा की व्यवस्था संगठन के स्तर से की जाएगी। मगर सुरक्षा, यातायात समेत अन्य इंतजामों को लेकर भी पुलिस प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई हे। अधिकारियों ने इसे लेकर मंगलवार रात को जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने पीडब्ल्यूडी, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों संग बैठक की। इसके बाद दूसरे दिन बुधवार को भी अफसर दौड़-भाग करते रहे।
ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर मुआयना किया। ताकि सुरक्षा प्वाइंट चिन्हित किए जा सकें। टेंट के सामान से लदी गाड़ियां भी वहां पहुंचना शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री के आगमन पर तीन हेलीकॉप्टर आएंगे। जिनके लिए एक ही स्थान पर तीन हेलीपैड बनाए जाने हैं। इसके लिए जगह को चिन्हित करने में भी प्रशासन को दौड़ना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद शहर से सटे मोमिनगंज गांव में एक स्थान को चिन्हित किया गया है।
अब वहां पर तीन हेलीपैड बनवाए जाएंगे। इसके अलावा साफ सफाई समेत अन्य काम भी कराए जाएंगे। जिसके लिए टीमें को जिम्मेदारी दे दी गई है। सुरक्षा को लेकर सख्त इंतजाम किए गए हैं। इस जनसभा में भारी संख्या में भीड़ पहुंच सके, इसके लिए भाजपाई वाहनों की भी व्यवस्था करा रहे हैं। ऐसे में सर्वाधिक मंथन यातायात व्यवसथा बनाने को लेकर चल रहा है। पुलिस अधिकारी खुद इसे तैयार करा रहे हैं।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा एवं अन्य तैयारियां की जा रही हैं। हेलीपैड के लिए मोमिनगंज गांव में एक जगह चिन्हित की गई है। वहीं पर तीन हेलीपैड बनवाए जाएंगे--- विजय वर्धन तोमर, सिटी मजिस्ट्रेट।
यह भी पढ़ें- पहली बार पीलीभीत आएंगे पीएम मोदी, क्लस्टर इंचार्ज ने संभाली कमान..सौंपी गई जिम्मेदारी
