हल्द्वानी: क्षेत्रीय दल ही जनता का भला कर सकते हैं: ऐरी

हल्द्वानी: क्षेत्रीय दल ही जनता का भला कर सकते हैं: ऐरी

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के मुखानी स्थित कार्यालय में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने बताया कि पार्टी ने पौड़ी से आशुतोष नेगी, हरिद्वार सीट से मोहन असवाल और नैनीताल से शिव सिंह रावत (पूर्व सैनिक) को अपने प्रत्याशी घोषित किया है।

उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सीट पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) और टिहरी में बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार को उक्रांद अपना समर्थन दे रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दलों के पास बड़ा तामझाम है, जनता उनके भ्रम में आ रही है लेकिन क्षेत्रीय दल ही उनका भला कर सकते हैं। हम बार-बार जनता को यह बता रहे हैं। कहा कि जब विधायक ही यह कहने लगे कि गैरसैंण में सत्र मत करो तो यह राज्य के लिए चिंताजनक है।

नैनीताल सीट से पार्टी प्रत्याशी शिव सिंह रावत ने कहा कि जिन खेतों से हमारे पूवर्ज पूरे परिवार का पेट पालते थे, सही नीतियां न होने से आज वे बंजर हो गए और लोग पहाड़ से पलायन करने लगे। इस दौरान सुशील उनियाल, दिनेश चंद्र भट्ट, आनंद सिंह, मोहन कांडपाल, रवि वाल्मीकि, काजल खत्री, कंचन जोशी, सुनीता तिवारी, भावना मेहरा, नंदी पचवारी, रमेश पाठक आदि उपस्थित रहे।