बदायूं: प्रोत्साहन राशि जीतने वाली ग्राम पंचायत में चुनाव के बाद होंगे काम
विकास कार्य करने के लिए ग्राम पंचायत में बनाए जा रही कार्य योजना
बदायूं, अमृत विचार। पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत धनराशि जीतने वाली ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों पर रोक लगी हुई है। फिलहाल इनमें कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जिससे लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद विकास कार्य प्रारंभ किए जा सकें। जिले की पांच ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहन राशि के तहत 1.1 करोड़ रुपये मिले हैं। इन्हीं से विकास कार्य ग्राम पंचायतों में होने हैं। पंचायत सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मिली इनाम की धनराशि से चुनाव के बाद काम कराया जाएगा। अभी सिर्फ कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत जिले की पांच ग्राम पंचायतों देहमी, हुसैनपुर करौतिया, जगत की आरिफपुर नवादा, वजीरगंज की बरीपुरा और बिसौली की ग्राम पंचायत मितरौली को शासन स्तर से पुरस्कृत किया गया है। इनमें देहमी को प्रथम स्थान मिला है। इन ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने लिए शासन ने ग्राम निधि के अतिरिक्त 1.1 करोड़ से अधिक धनराशि पुरस्कार के रूप में दी है। जिससे गांव का अतिरिक्त विकास हो सके। मिली धनराशि से इन ग्राम पंचायतों में सिंगल प्रोजेक्ट कार्य के तहत कार्य होने हैं। इसके लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। कार्य योजना तैयार होने के बाद विकास कार्य शुरू होंगे। बताया रहा है कि गावों में विकास कार्य लोकसभा चुनाव बाद संपन्न होंगे।
प्रोत्साहन राशि से गांवों में होंगे ये कार्य
जिले की पांच ग्राम पंचायतों के लिए प्रोत्साहन राशि के तहत एक करोड़ से अधिक की धनराशि मिली है। इस धनराशि से ग्राम पंचायतों में सद्भाव लॉन, ग्रामीण बाजार, विज्ञान भवन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, ग्राम वाटिका, ओपन जिम, योगशाला, मिनी खेल स्टेडियम, रोजगार प्रशिक्षण व शिल्प कला केंद्र, ग्राम पंचायत हॉट बाजार, अंत्येष्टि स्थल, आरोग्य केंद्र, सार्वजनिक पुस्तकालय, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, ग्राम पंचायत भंडारण गृह, स्कूल में स्मार्ट कक्षाएं, सोलर शक्ति केंद्र, स्वराज स्थल आदि का निर्माण कार्य कराया जाएगा। यह सभी कार्य चुनाव बाद संपन्न होंगे।
जिले की पांच ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। नए वित्तीय वर्ष में कई विकास कार्य होने हैं। यह सभी कार्य सिंगल कार्ययोजना के तहत होंगे। जिसे तैयार किया जा रहा है। विकास कार्य चुनाव बाद कराने प्रारंभ कर दिए जाएंगे-श्रेया मिश्रा, डीपीआरओ।
ये भी पढे़ं- बदायूं: जल्द महकेगा जिला अस्पताल, गोवंश के आतंक से मिलेगा छुटकारा
