देहरादून: राज्य में 76 हजार सर्विस मतदाताओं ने डाक मतपत्र किए डाउनलोड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग करते हुए कहा कि राज्य में इलेक्ट्रॉनिक रूप से प्रेषित डाक मतपत्र प्रणाली (ईटीपीबीएस) जारी किए गए थे, जिसमें सभी सर्विस वोटर्स को मतदान करने के लिए डाक मतपत्र प्रेषित किए गए थे।

93,187 ईटीपीबीएस माध्यम से सर्विस वोटर्स तक पहुंचाए गए थे। अब तक 76 हजार डाक मतपत्र डाउनलोड किए जा चुके हैं। 7 अप्रैल 2024 तक डाक मतपत्र डाउनलोड किये जा सकते हैं। कुछ सर्विस वोटरों के डाक मतपत्र जनपदों को प्राप्त होने भी प्रारंभ हो गये हैं। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन और मतदान के एक दिन पहले समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाले राजनैतिक विज्ञापनों को पूर्व प्रमाणीकरण कराना होगा।

प्रिंट मीडिया में प्रकाशन के लिए विज्ञापनों को पूर्व प्रमाणन के लिए राजनैतिक दल/ आवेदकों को राज्य अथवा जनपद स्तर पर गठित एमसीएमसी कमेटी को आवेदन देकर पूर्व-प्रमाणन कराना होगा। मतदान की समाप्ति से 48 घंटे पूर्व प्रचार अवधि समाप्त हो जाती है। 

85 वर्ष से अधिक और दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान की प्रक्रिया की शुरूआत देहरादून में 5 अप्रैल 2024 से की गई है। शुक्रवार तक देहरादून में 1240 ऐसे मतदाताओं  ने डाक मतपत्र के माध्यम से अपना मत अंकित किया था। शनिवार से पौड़ी जनपद में भी घर-घर जाकर मतदान कराने की प्रक्रिया की शुरूआत की गई है।

संबंधित समाचार