Kanpur में तीन जगह आग लगने से मची अफरा-तफरी...दादानगर रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों से उठने लगी लपटें, रोकी गई ट्रेनें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में तीन जगह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में तीन जगह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना पाकर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग लगने से दो ट्रेनों को भी रोका गया।

आग लगने से तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक

घाटमपुर तहसील क्षेत्र के पतरसा गांव में सुबह 10 बजे के लगभग बिजली का तार टूट कर खेतों में जा गिरा। जिससे पकी खड़ी गेहूं की फसल जलने लगी। फसल जलता देख ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर गाड़ी आने के पहले ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालते हुए अरहर के पेड़ों से व गांव से ट्रैक्टर में पानी ले ले जाकर आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझ पाती तब तक तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

पतरसा गांव निवासी देवलाल संखवार व संजय नागर के डेढ़-डेढ़ बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने पहुंचकर बची आग को बुझाने का काम किया। किसान देवलाल संखवार व संजय नगर ने बताया कि उसके मात्र दो-दो बीघा ही गेहूं की फसल थी जो जलकर खाक हो गई है। अब पीड़ित किसान के पास साल भर के खाने की समस्या उत्पन्न हो गई है। एसडीएम यादवेंद्र सिंह ने कहा कि लेखपाल को मौके पर भेज कर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। किसान की भरपाई कराए जाने का आश्वासन दिया है।

शार्ट सर्किट से लगी आग, छह बीघा गेहूं की फसल राख

दलेपुर व बीछी गांव के बीच खेत के ऊपर से बिजली की एलटी लाइन गुजरी हुई है। सोमवार दोपहर तेज हवा की वजह से लाइन के तार आपस में टकरा गए। जिससे हुई शार्ट शर्किट से निकली चिंगारी नीचे दलेलपुर निवासी किसान रामशरण के गेंहू की पकी फसल पर जा गिरी। देखते ही देखते आग ने बगल में पड़ोसी किसान विनोद, देवनारायण, महाजन समेत बीछी गांव निवासी ओमप्रकाश, ओमवती, चैतू की भी खेतों में पकी खड़ी गेंहू की फसल को चपेट में ले लिया। 

Jungle Fire 1

ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ट्यूबवेल चलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। जबतक आग शांत होती तबतक करीब छह बीघा फसल जलकर राख हो गई। आग बुझने के बाद घाटमपुर से पहुंची दमकल की गाड़ी पानी का छिड़काव करके लौट गई। थाना प्रभारी प्रेमचन्द्र कनौजिया ने बताया बिजली के तारों के टकराने से आग लगी थी। जिस पर पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर काबू पा लिया।

रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में लगी आग

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के पीछे दादानगर रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख लोगों ने फौरन पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची दमकल की गाड़ी आग बुझाने का प्रयास कर रही है। वहीं, आग लगने के कारण दो ट्रेनों को भी रोका गया है।

ये भी पढ़ें- Kanpur Accident: दो दोस्तों के बाद तीसरे ने भी छह दिन बाद उपचार के दौरान तोड़ा दम...ओवरब्रिज से गिरी थी नीचे कार

संबंधित समाचार