अयोध्या: अपहृत युवक की लाश मिली, ग्रामीणों में आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के हैदरगंज थाना क्षेत्र से अपहृत युवक के मामले में सोमवार को एक बुरी खबर मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। उसका शव पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर में नगर कोतवाली क्षेत्र के गोमती किनारे गोलाघाट पर मिला है। परिजनों ने शव की शिनाख्त की है। मौत की खबर गांव पहुंची …

अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के हैदरगंज थाना क्षेत्र से अपहृत युवक के मामले में सोमवार को एक बुरी खबर मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। उसका शव पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर में नगर कोतवाली क्षेत्र के गोमती किनारे गोलाघाट पर मिला है। परिजनों ने शव की शिनाख्त की है। मौत की खबर गांव पहुंची तो लोग गुस्से से लाल हो गए। लोगों की भीड़ उमड़ आई है। मौके की नजाकत को देखते हुए जिला पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। आला अधिकारियों से लेकर कई थानों की फोर्स के साथ पीएससी ने डेरा डाल दिया है।

चार दिन पहले 9 अक्टूबर की सुबह अपने घर हैदरगंज थाना क्षेत्र के कटौना से फौज की तैयारी के लिए पास के ही बिशुन बाबा मैदान पर दौड़ लगाने जा रहे 18 वर्षीय युवक आशीष वर्मा का मोटरसाइकिल सवार लोगों ने मारपीट कर अपहरण कर लिया गया था। प्रकरण में युवक के पिता की ओर से गांव के ही प्रधान और उनके दो पुत्रों तथा गांव के ही दो अन्य युवकों के खिलाफ मारपीट और अपहरण का मुकदमा पंजीकृत कराया गया था।

पुलिस ने अपह्रत युवक की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम के साथ तीन टीमें गठित की थी, हालांकि बीते चार दिनों में पुलिस अभी तक मामले में एक कदम ही आगे बढ़ पाई है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने एक नामजद आरोपी को पकड़ लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अगवा युवक की हत्या कर सुल्तानपुर में गोमती नदी में फेंकने की बात बताई।

इसके बाद जिले की पुलिस टीम परिवार के सदस्य को साथ लेकर गिरफ्त में आए आरोपी को लेकर सोमवार को पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित गोमती नगर किनारे गोलाघाट पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से गोताखोरों को बुलाकर गोमती नदी में शव की तलाश कराई। कड़ी मशक्कत के बाद अपह्रत युवक का शव बरामद हो गया। शव का सुल्तानपुर में ही पोस्टमार्टम कराया गया है।

पुलिसिया लापरवाही को लेकर क्षेत्रीय लोग दो बार रोड जाम और प्रदर्शन कर चुके हैं। अपह्रत युवक की हत्या की खबर गांव पहुंची तो एक बार फिर से लोग आक्रोशित हो गए और गुस्से से आगबबूला हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने विपक्षी का घर घेर रखा है। मौके की नजाकत को देखते हुए जिला पुलिस ने गांव में कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी के जवानों को तैनात कर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। पुलिस के अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटे हैं।

संबंधित समाचार