Bareilly News: संदिग्ध पांच खातों में 10 लाख से ऊपर का लेनदेन, लोकसभा चुनाव में बैंक खातों पर रखी जा रही नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के दौरान अवैध लेनदेन पर रोक लगाने के लिए बैंक खातों की भी निगरानी की जा रही है। जिले में अब तक पांच खातों को संदेह की श्रेणी में रखा गया है। इन खातों में अचानक 10 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है। बैंक प्रबंधक की रिपोर्ट को एलडीएम की ओर से जिला प्रशासन को भेज दिया गया है।

चुनाव आयोग ने बचत और करंट खातों में निगरानी के लिए एलडीएम को निर्देश दिए हैं। लंबे समय से निष्क्रिय और चालू खातों में एक लाख रुपये से अधिक लेनदेन पर नजर रखी जा रही है। अब तक पांच खातों में 24 मार्च से 5 अप्रैल तक 10-10 लाख तक जमा और निकासी की गई। बैंक ने इन खातों की जानकारी जिला प्रशासन और आयकर विभाग को भेजी है, इसके अलावा खाता धारकों से लेनदेन को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। बैंक अधिकारियों के अनुसार जवाब असंतोषजनक मिलने पर संबंधित राशि और खाते को सीज किया जाएगा। 

जानकारी के अनुसार ये खाते बैंक ऑफ बड़ौदा की शहामतगंज शाखा और जिला सहकारी बैंक में हैं। एलडीएम वीके अरोड़ा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किसी भी खाते से एक लाख से अधिक का लेनदेन, छोटी-छोटी राशियों के संदेहास्पद लेनदेन, एक ही जगह के एटीएम से बार-बार निकासी होने की स्थिति में संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की जाएगी। सभी बैंकों के खातों में होने वाले लेनदेन पर नजर रखी जा रही है, जिसकी रोजाना अपडेट प्रशासन को उपलब्ध कराई जा रही है।

राजनीतिक दलों के उम्मीदवार के खातों पर भी नजर
प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के खातों पर भी नजर रखी जा रही है। उम्मीदवारों के खुलने वाले नए खाते और लेनदेन की जानकारी का ब्योरा भी बैंक की ओर से तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही बचत ओर जन धन खातों की भी विशेष निगरानी की जा रही है।

ये भी पढे़ं- बरेली: वोंटिंग के दौरान नहीं होगी परेशानी, My Booth App से मिलेंगे कई फायदे...स्टूडेंट्स भी करें डाउनलोड

 

 

संबंधित समाचार