Fatehpur: ग्रामीणों व खदान कर्मियों में जमकर मारपीट; ग्रामीणों का आरोप- 'खदान कर्मियों ने साजिश के तहत अपने ही वाहनों में की तोड़फोड़'
फतेहपुर, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में संचालित हो रहे मझगवां मौरंग खदान में शुक्रवार की देर रात करीब 8 बजे के आसपास खदान कर्मियों व ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच हुए विवाद में जमकर लाठी डंडे चले जिसमें कई लोग बुरी तरीके से जख्मी हो गए।
बताया जा रहा है कि मझगवां गांव निवासी धीरज सिंह अपने दोस्त मानसिंह, नन्नू, राज व शिवम सिंह के साथ किसी कार्यक्रम से सम्मिलित होकर अपने गांव वापस जा रहे थे। मुख्य मार्ग का रास्ता खराब होने की वजह से यह सभी लोग खदान कर्मियों द्वारा बनाए गए वाउचर के मार्ग से गांव जा रहे थे। इसी दौरान वाउचर के समीप बैठे खदान कर्मियों ने रुकवा कर गाली-गलौज शुरू कर दी। जिस पर ग्रामीणों ने गाली-गलौज का विरोध किया।
कुछ देर बाद दोनों पक्षों की ओर से गाली-गलौज होने लगी। इसी दौरान खदान कर्मियों ने लाठी डंडों से लैस होकर धावा बोल मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान गाली गलौज की आवाज सुन मौके पर काफी ग्रामीण इकट्ठा हो गए और फिर ग्रामीण व खदान कर्मियों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें धीरज सिंह, शिवम सिंह व मान सिंह बुरी तरीके से जख्मी हो गए।
वहीं खदान कर्मियों को भी हल्की फुल्की चोटे आई हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए भेजा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि आए दिन खदान कर्मी किसी न किसी से मारपीट करते रहते हैं। आज भी उन्होंने बेवजह गांव के लड़कों को गाली गलौज की। इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया है।
वहीं सूचना के बाद मौके पर एसडीएम खागा, क्षेत्राधिकारी खागा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे है। मामले में किशनपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर मौके पर प्रशासन पहुंचा है। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
फायरिंग कर ग्रामीणों पर थोपा आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि खादान कर्मियों ने खुद से अपने ही वाहनों पर फायरिंग कर तोड़फोड़ की और तोड़फोड़ का आरोप ग्रामीणों पर लगाकर षड्यंत्र के तहत उन्हें फंसाना चाह रहे हैं। कहा कि खदान कर्मियों द्वारा विवाद के तुरंत बाद खुद के वाहनों पर तोड़फोड़ की गई और मामले को तोड़-मरोड़ कर ग्रामीणों पर फायरिंग करने व तोड़फोड़ करने का आरोप लगा रहे हैं।
