अयोध्या: कल दोपहर दो बजे से 34 घंटे तक मार्ग रहेगा परिवर्तित, पढ़ें ये जरूरी खबर
94 घंटे हाईवे से नहीं गुजरेंगे भारी माल वाहक वाहन
अयोध्या, अमृत विचार। चैत्र रामनवमी को लेकर यातायात में परिवर्तन िकया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार को दोपहर बाद 34 घंटे तक रामनगरी आइसोलेट रहेगी और 94 घंटे तक हाईवे पर भारी माल वाहक वाहनों का आवागमन नहीं होगा। यातायात पुलिस ने इसके लिए रूट डायवर्जन का खाका जारी किया है।
रामनवमी को लेकर रामनगरी में रूट डायवर्जन अष्टमी तिथि को दोपहर बाद 2 बजे से प्रभावी होगा और नवमी की रात 12 तक जारी रहेगा। इस दौरान उदया चौराहे से टेढ़ी बाजार की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। अयोध्या की ओर जाने वाले वाहन उदया ओवर ब्रिज से महोबरा चूड़ामणि चौराहा के रास्ते आशिफ बाग चौराहे तक आएंगे और जाएंगे। वाहनों की पार्किंग गैस गोदाम के पास होगी। गोंडा की ओर से कोई वाहन दुर्गागंज माझा बैरियर से पुराने सरयू पुल के इस पार नहीं आने पाएगा। सभी वाहनों को लकड़मंडी चौराहे से लोलपुर के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। वहीं हनुमान गुफा बैरियर से लता मंगेशकर चौक की तरफ, दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय से छोटी छावनी की तरफ, रामघाट चौराहे से तपस्वी छावनी की तरफ, टेढ़ी बाजार (गुरु वशिष्ठ चौक) से श्रीराम अस्पताल की ओर व द्वारकाधीश मंदिर राजघाट चौराहा से अशर्फी भवन, पुरानी सब्जी मंडी, पोस्ट ऑफिस की तरफ तथा महोबारा चौराहे से टेढ़ी बाजार की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गुप्तार घाट बांध से होकर आने वाले वाहनों को राजघाट पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा व राजघाट से आगे मेला क्षेत्र में वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
वर्जन-
रामनवमी मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जा रहा है। हालांकि यह डायवर्जन आवश्यक सेवा से जुड़े वाहनों पर लागू नहीं होगा। सहूलियत के लिए जगह-जगह वाहन पार्किंग की व्यवस्था कराई गई है। -अयोध्या प्रसाद सिंह, एसपी ट्रैफिक
हाईवे पर 19 तक रहेगा प्रभावी
हाईवे पर रूट डायवर्जन सोमवार को दोपहर बाद दो बजे लागू हो जाएगा। 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान गोरखपुर से आने वाले मालवाहक भारी वाहन,ट्रक,डीसीएम, ट्रैक्टर आदि कौड़ीराम, बडहलगंज, दोहरीघाट, जीयनपुर,आजमगढ़ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे,सन्तकबीरनगर व बस्ती से आने वाले वाहन कलवारी-टाण्डा-अकबरपुर से दोस्तपुर के रास्ते पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे ,गोरखपुर ,संतकबीरनगर, बासी, मेहदावल, डुमरियागंज, उतरौला, बलरामपुर, गोण्डा से आने वाले वाहन जरवल रोड तिराहा से बहराइच की ओर जाकर टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग,कानपुर की ओर से आने वाले वाहन कानपुर, उन्नाव, मौरावां मोहनलालगंज, गोसाईगंज, चांद सराय से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे,आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन मोहान, जुनाबगंज, मोहनलालगंज, गोसाईगंज से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे,सीतापुर, शाहजहाँपुर से आने वाले वाहन आईआईएम रोड दुबग्गा से आलमबाग,नहरिया,शहीदपथ होते हुए अहीमामऊ के रास्ते पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे,बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहन टिकोरा मोड़, चहलारी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग पर डाइवर्ट किये जाएंगे।
वहीं सुल्तानुपर से आने वाले वाहन कूडेभार से,रायबरेली से आने वाले वाहन हलियापुर से, आजमगढ़-अम्बेडकरनगर से आने वाले वाहन अम्बेडकरनगर से, बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहन भिटरिया रामसनेही घाट, हैदरगढ़ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डाइवर्ट किए जाएंगें। जबकि लखनऊ-बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को बाराबंकी से चौकाघाट, जरवल रोड, कर्नेलगंज होते हुए व बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों का लोलपुर से नवाबगंज गोण्डा की ओर डाइवर्ट किया जाएगा।
ये भी पढ़ें -Barabanki news: रामनवमी को लेकर अयोध्या हाइवे पर नहीं जा सकेंगे वाहन, कईयों के बदले मार्ग
