हल्द्वानी: मिलकर चोरी करते थे मां, बेटी और दामाद, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुरादाबाद और दिल्ली में कई केस दर्ज हुए तो मां-बेटी और दामाद के गैंग ने हल्द्वानी व आसपास में जाल बिछाया। किसी को शक न हो इसलिए लग्जरी कार और सूट-बूट पहनकर आते थे। तीनों शातिरों में से पुलिस ने बेटी और दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि सास की तलाश में दबिशें जारी हैं। 

बीती 10 अप्रैल को आनंदपुर ग्राम चांदनी चौक बल्यूटिया निवासी इंद्रा दरम्वाल अपनी बुआ के साथ मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए आई थी। उन्होंने अपने बड़े पर्स में एक पर्स और रखा थी, जिसमें सोने के झुमके, चांदी की पायल और सात हजार रुपये थे। कालू सिद्ध मंदिर के सामने वाली गली में उन्होंने पर्स में हाथ डाला तो छोटा पर्स गायब था।

पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए सीओ सिटी नितिन लोहनी ने बताया कि सीसीटीवी खंगाले गए तो दो महिलाएं चोरी करती दिखीं। चोरी के बाद दोनों ने कालू सिद्ध से ओके होटल तक टुकटुक किया और फिर वहां से बरेली रोड पहुंचीं, जहां इनकी हांडा सिटी कार खड़ी थी।

कार में दोनों ने कपड़े बदले और फिर शिकार की तलाश में निकल पड़ीं। इनके साथ दामाद था। कार नंबर के आधार पर तीनों की पहचान हुई। पुलिस ने टांडा जंगल के पास से मुफटीटोला इमली वाली मस्जिद मुरादाबाद उत्तर प्रदेश व हाल निवासी काला महल जामा मस्जिद दिल्ली निवासी वसीम पुत्र बजीर अहमद को उसकी पत्नी आसिया के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से चोरी के झुमके, पायल और पांच हजार रुपये बरामद कर लिए गए। पुलिस टीम में मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी दिनेश जोशी, एसआई श्याम सिंह बोरा, हे.कां. इसरार, कां. सन्तोष सिंह, चन्दन सिंह, भूपाल सिंह, राधा रानी थीं।

संबंधित समाचार