पंतनगर: संजय वन में पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव
पंतनगर, अमृत विचार। रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर संजय वन के अंदर एक अधेड़ का शव पेड़ से लटकता पाया गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया। बाद में अधेड़ की शिनाख्त और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मंगलवार को जंगल में मवेशी चराने गए खत्ता वासियों ने घने जंगल के अंदर एक पेड़ की टहनी पर अधेड़ को दुपट्टे से लटका पाया। उन्होंने इसकी सूचना फारेस्ट गार्ड मनीष राणा को दी। मनीष ने पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद एसआई पीआर विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया।
तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की शिनाख्त में अधेड़ की पहचान सुशील पाल (35) पुत्र तपन पाल निवासी आदर्श बंगाली कालोनी रूद्रपुर के रूप में हुई। एसएचओ पंतनगर आरएस डांगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। शव बुरी तरह सड़ चुका था, जिससे प्रतीत हो रहा है कि अधेड़ की मौत लगभग एक सप्ताह पूर्व हो चुकी थी। बताया कि अधेड़ के परिजनों ने रुद्रपुर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखवाई थी।
