बदायूं: बीजेपी प्रत्याशी का होगा नामांकन, डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष होंगे शामिल

बदायूं: बीजेपी प्रत्याशी का होगा नामांकन, डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष होंगे शामिल

बदायूं, अमृत विचार। बदायूं लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी दुर्विजय सिंह गुरुवार को दूसरी बार घोषित रूप से नामांकन कराएंगे। नामांकन में प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी शामिल रहेंगे। भाजपा प्रत्याशी ने प्रथम बार साधारण बिना लाव लशकर के नामांकन कराया था। लेकिन दूसरी बार में उनके साथ गाड़ियों के काफिले के साथ कार्यकर्ताओं की फौज के साथ अन्य तामझाम रहेंगे। 

इनके अलावा बीएसपी प्रत्याशी द्वारा भी नामांकन कराया जाएगा। ऐसी स्थिति में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को गुरुवार का दिन चुनौतियों भरा रहेगा। जिले में सात मई को मतदान  होना है। इसके लिए 12 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन ही भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह ने साधारण रूप से अपने प्रस्तावकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर पर्चा दाखिल किया गया था। 

पर्चा दाखिल करने के दौरान भाजपा प्रत्याशी के साथ न कार्यकर्ताओं की फौज थी और न ही गाड़ियों का काफिला था। साधारण रूप से  नामांकन कराने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए भाजपा प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल करने के बाद मीडिया के समक्ष अपनी बात रखी। और कहा कि वह आधिकारिक रूप से 18 अप्रैल को कार्यकर्ताओं के साथ दूसरी बार पर्चा दाखिल करेंगे। 

नामांकन के दौरान  उनके साथ प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष ब्रजेश पाठक मौजूद रहेंगे। साथ ही  एक जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा। भाजपा प्रत्याशी के कथनानुसार गुरुवार को दोबारा से पर्चा दाखिल करने के दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। इसकी पुष्टि भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य द्वारा कर दी गई है। 

भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य ने बताया लोकसभा क्षेत्र बदायूं  के भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य 18 अप्रैल को अपना नामांकन पत्र प्रदेश नेतृत्व, जिला नेतृत्व व जनता जनार्दन के साथ दाखिल करेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले बदायूं क्लब में 09:30 बजे नामांकन जनसभा का आयोजन किया जाएगा। जिसे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी संबोधित करेंगे। 

बताया कि डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचेंगे, उसके बाद कार द्वारा बदायूं क्लब पहुंचेंगे। नामांकन जनसभा के बाद ढोल-नगाड़े, डीजे और रोड-शो जुलूस के साथ लोकसभा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। 

इनके अलावा आधिकारिक रूप से घोषित बसपा के प्रत्याशी  मुस्लिम खां द्वारा भी नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। उनके साथ ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और गाड़ियों का काफिला रहेगा। दो प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों द्वारा लाव लश्कर के साथ नामांकन कराने आने के चलते पुलिस और प्रशासन को कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2024: परिषदीय स्कूलों की रसोईयां पोलिंग पार्टियों के लिए बनाएंगी भोजन