बदायूं: कार की टक्कर से बाइक सवार भतीजे की मौत, चाचा घायल
बदायूं, अमृत विचार। कार ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चाचा घायल हो गए। घायल को भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव भगतपुर निवासी लल्ला सिंह (18) पुत्र हरपाल बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए अपने सगे चाचा चंद्रभान के साथ गए थे। इस्लामनगर-बिसौली मार्ग पर करनपुर की बाजार के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आई कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। चालक कार लेकर भाग गया।
लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके चाचा चंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। चंद्रपाल को बिसौली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस बाइक को टक्कर मारने वाली कार और चालक की तलाश कर रही है।
ये भी पढे़ं- बदायूं: डूबने से आधा किमी दूर गंगा किनारे मिला छात्र का शव
