बदायूं: महिला की मौत, पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। उझानी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की मौत हो गई। ससुरालीजनों ने फंदा लगाकर जान देने की बात कही वहीं मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या करके शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने महिला के पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

जिला बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव हमूपुरा निवासी प्रदीप ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन सरिता की शादी लगभग एक साल पहले कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव अब्दुल्लागंज निवासी अंशुल पुत्र कैलाश के साथ हुई थी। शादी में उन्होंने भरपूर दान दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों के बाद ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करने लगे। 

सरिता के असमर्थता जताने पर सरिता के पति अंशुल, सास सोमवती, ससुर कैलाश और देवर मोहित आए दिन उत्पीड़न करने लगे। उन्हें सोमवार को किसी ग्रामीण ने सरिता का शव उनके घर पर रखने की सूचना दी। प्रदीप और अन्य मायका पक्ष मौके पर पहुंचा तो सरिता का शव चारपाई पर रखा था। लोगों ने बताया कि सरिता ने फंदा लगाकर जान दी है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि सरिता की हत्या करके शव फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस ने पति, सास-ससुर और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उझानी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरेपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढे़ं- बदायूं: कार की टक्कर से बाइक सवार भतीजे की मौत, चाचा घायल


संबंधित समाचार