रुद्रपुर: विद्युत लाइन ठीक कर रहे युवक की करंट से मौत
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप इलाके में विद्युत लाइन ठीक कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय रामजन्म उर्फ जीतू श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर ट्रांजिट कैंप में परिवार के साथ रहता था। पिछले कई सालों से बिजली का कार्य करता था और दिहाड़ी पर घरों में विद्युत सुधार करने का काम करता रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह जगतपुरा वार्ड-चार के रहने वाले कोमल प्रसाद की पिछले दो दिन से विद्युत व्यवस्था ठप पड़ी हुई थी।
संपर्क करने पर रामजन्म मौके पर पहुंचा और घर की छत पर जा रहे विद्युत लाइन को ठीक करने लगा। तभी अचानक करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मौका मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि युवक की दो साल पहले शादी हुई थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
