बदायूं: निजी एंबुलेंस में ऑक्सीजन न मिलने पर मरीज ने तोड़ा दम, हंगामा
बदायूं, अमृत विचार : राजकीय मेडिकल कॉलेज से चिकित्सकों द्वारा रेफर करने के बाद बरेली ले जाते समय एक मरीज ने एंबुलेंस में ऑक्सीजन न मिलने पर दम तोड़ दिया। आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया। एंबुलेंस के मालिक और चालक को पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के गांव गुरुपुरी विनायक निवासी उदयवीर सिंह पटेल (40) कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें फेफड़ों की बीमारी थी। शुरूआत में घर पर दवा ली। आराम न मिलने पर परिजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। हालत नाजुक होने पर शुक्रवार को चिकित्सक ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजनों ने बरेली तक मरीज ले जाने को 1700 रुपये एक निजी एंबुलेंस बुक की।
रास्ते में उदयवीर सिंह की मौत हो गई। मृतक के भतीजे सचिन पटेल ने पुलिस को बताया कि निजी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर थे लेकिन वह खाली थे। रास्ते में जरूरत होने पर उदयवीर सिंह को ऑक्सीजन नहीं दी जा सकी। परिजनों ने एंबुलेंस के मालिक और चालक को पकड़ लिया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और एंबुलेंस के चालक व मालिक को साथ ले आई। उदयवीर सिंह पटेल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर एंबुलेंस चालक और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: लूट मामले में पिता और तीन बेटों को तीन-तीन साल की सजा, लगाया जुर्माना
