बलरामपुर: केशव मौर्य का दावा- राहुल गांधी रायबरेली और अखिलेश यादव कन्नौज सीट से चुनाव हारेंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को दावा किया कि मौजूदा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को रायबरेली और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव को कन्नौज सीट से शिकस्त का सामना करना पड़ेगा। 

केशव प्रसाद मौर्य ने बलरामपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी साकेत मिश्र के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव जिस तरह कन्नौज से चुनाव हारी थीं ठीक उसी तरह इस बार कन्नौज से सपा प्रमुख चुनाव हारने जा रहे हैं। 

केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि चार जून को भाजपा 400 सीट पार करने जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने जनता से आह्वान किया कि अगर इस बार हर बूथ पर भाजपा को पिछली बार से ज्यादा मत मिले तो विपक्ष के प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो जायेगी। 

उन्होंने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि सारे भ्रष्टाचारी दलदल में फसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि 'संविधान खतरे में' है, यह बात कह कर विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है। मौर्य ने जनता से भाजपा प्रत्याशी साकेत मिश्र को जिताने की अपील की।  

यह भी पढ़ें:-चुनावी रणनीति पर चर्चा के लिये अमेठी और रायबरेली के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगी प्रियंका गांधी

संबंधित समाचार