रानीखेत: फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेच दी जमीन, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 रानीखेत, अमृत विचार। नगर से जुड़े मजखाली में फर्जी दस्तावेज दिखाकर एक कंपनी को लाखों की जमीन बेचने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है। फर्जीवाड़े का पता लगने पर कंपनी ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपित प्रॉपर्टी डीलर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल अशोक कुमार धनकड ने बताया कि प्राथमिक जांच में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचने का मामला सामने आया है। जांच के उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

   रानीखेत तहसील के निकट रियूनी मजखाली स्थित कंपनी एक्जाल्टर की ओर से पुलिस को दी गई प्राथमिकी में कहा गया है कि शिव विहार गली नंबर 2 लोहरियासाल, कठघरिया, हल्द्वानी निवासी राजेश रावत ने कंपनी को अपनी जमीन बताकर बेची थी। दाखिल खारिज के लिए कंपनी जब तहसील कार्यालय पहुंची तो पता चला कि यह जमीन विक्रेता के नाम दर्ज ही नहीं है। इस जमीन की खरीद पर पूर्व में वास्तविक स्वामी ने आपत्ति दर्ज की थी।

आरोप लगाया कि जब मामले में आरोपी से बात की गई तो वह गालीगलौज पर उतर आया और कंपनी के मालिक को जान से मारने की धमकी दी। कंपनी की तरफ से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 420, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल अशोक कुमार धनकड़ ने बताया कि जांच में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचने का मामला प्रकाश में आया है। जांच के उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार