रामपुर: हाईवे पर वाहनों में आमने-सामने की भिड़ंत में दो चालक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/ धमोरा,अमृत विचार: हाईवे पर ऑटो और पिकअप  की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। ऑटो और पिकअप दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए। हादसा होते ही हाईवे पर जाम लगने लगा। भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित यूपी 22 ढाबे के सामने बुधवार दोपहर को हुआ। 

पसियापुरा गांव निवासी विजय ऑटो चलाकर अपने परिवार का पेट पालता है। टांडा थाना क्षेत्र के गांव बादली  निवासी सज्जाद पिकअप लेकर बरेली की ओर से रामपुर की ओर आ रहा था। जैसे ही सज्जाद की  पिकअप शंकरपुर यूपी 22 ढाबे के सामने कट के समीप पहुंची,तो कट के सामने से चालक विजय ऑटो में बैट्रियां लादकर शंकरपुर की ओर आ रहा था।

देखते ही देखते दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई । दोनों वाहनों की टक्कर होते ही हाईवे पर चीख-पुकार मचने लगी और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर एकत्र भीड़ ने पलटे वाहनों से घायलों को निकलने की कोशिश की। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही शहजादनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों घायलों को आनन-फानन में 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से रोड किनारे खड़ा करा दिया गया।

ये भी पढ़ें-  रामपुर: आवारा कुत्तों को नाश्ते में दूध ब्रेड और लंच-डिनर में मिल रहा चिकन

संबंधित समाचार