Bareilly: राजेन्द्र नगर जैसे पॉश इलाके में इस बार कम हुआ मतदान, पिछले लोकसभा चुनाव में 40 तो इस बार 39 फीसदी वोटिंग

Bareilly: राजेन्द्र नगर जैसे पॉश इलाके में इस बार कम हुआ मतदान, पिछले लोकसभा चुनाव में 40 तो इस बार 39 फीसदी वोटिंग

बरेली, अमृत विचार। राजेन्द्र नगर जैसे पॉश इलाके में पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार मतदान कम हुआ है। जबकि यह क्षेत्र भाजपा का गढ़ कहा जाता है। इसका असर जीत के अंतर पर पड़ सकता है।

राजेन्द्र नगर क्षेत्र के वोट तीन मतदान केंद्र पर पड़ते हैं। पोलिंग एजेंट से मिले आंकड़ों के अनुसार सूरजभान और बांके बिहारी मतदान केंद्र पर वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव में 43 फीसदी मतदान हुआ था, जबकि इस बार इन दोनों केंद्रों पर 42 फीसदी मतदान हुआ है।

सूरजभान इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर 10 बूथों पर गुलमोहर कालोनी, आवास विकास कालोनी, इंदिरा नगर वार्ड के वोट डाले जाते हैं। यहां इस बार 11225 मतदाता थे, लेकिन वोट डालने के लिए केवल 4476 वोटर ही घरों से निकले। इस बार यहां 39 फीसदी मतदान हुआ है। जबकि 2019 में यहां 40 फीसदी मतदान हुआ था।

इसी तरह बांके बिहारी मंदिर के समीप बने बूथ पर मंदिर के पीछे का हिस्सा, वुडरो स्कूल तक, सी ब्लाक और टैगोर पार्क के पास वाला इलाके के वोट पड़ते हैं। यहां नौ बूथ हैं। इन पर 8186 वोटर हैं, लेकिन यहां केवल 3755 वोट ही डाले गए। यहां 45 फीसदी मतदान हुआ जबकि 2019 में 46 फीसदी मतदान हुआ था। इस पॉश इलाके में रहने वाले ज्यादातर सरकारी कर्मचारी और कारोबारी हैं। मतदान के लिए प्रशासन और स्वयं सेवी संस्थाओं ने भी जागरूकता अभियान चलाया लेकिन उसका भी असर नहीं हो पाया। इस क्षेत्र में रोड शो भी किया गया था।

कुछ बूथों पर बरसे वोट
मुस्लिम बहुल इलाके शहामतगंज, सैलानी, सूफी टोला, रबड़ी टोला में वोटरों ने जमकर मतदान किया। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर 17 बूथ थे। बूथ एजेंट से मिले आंकड़ों के अनुसार इस मतदान केंद्र पर बूथ 208 पर सबसे ज्यादा मतदान हुआ। यहां 1002 में 662 लोगों ने मतदान किया। यहां 66.06 फीसदी मतदान हुआ। 205 बूथ पर 1186 में 758 मतदाताओं ने वोट डाला। यहां मतदान प्रतिशत 63.91 रहा। 

वहीं, बूथ 202 में सबसे कम मतदान हुआ। यहां 1095 में 448 लोग ही बूथ पर वोट डालने पहुंचे। मतदान प्रतिशत 40.91 फीसदी रहा। इस मतदान केंद्र पर 18 हजार 648 मतदाताओं में से 10 हजार 102 वोटरों ने मतदान किया। केंद्र पर 54.17 फीसदी मतदान हुआ।

ये भी पढे़ं- Bareilly: अरविंद हत्याकांड में दो नाबालिग समेत चार गिरफ्तार