Bareilly news: बारिश ने नाला सफाई की खोली पोल, प्रधानमंत्री के रोड शो वाले मार्ग पर भी जलभराव
शहर के कई इलाकों में सड़कों पर भरा पानी
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम ने शहर में कर्मचारियों की मदद से नालों की सफाई का दावा किया था लेकिन शनिवार को हल्की बारिश ने दावों की पोल खोल दी। नालों की सफाई न होने से जलभराव हो गया। यहां तक कि जिस मार्ग पर प्रधानमंत्री ने रोड शो किया था, वहां भी पानी भर गया। रोड शो से पहले सड़क बनाई गई थी लेकिन जलभराव में यह उखड़ गई। ऐसे में लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए हैं।
शहर में छोटे- बड़े 229 नाले हैं। इनकी सफाई हर साल अप्रैल में शुरू हो जाती थी और मई में करीब 80 प्रतिशत काम हो जाता था लेकिन इस बार लोकसभा चुनाव के पहले टेंडर न होने के कारण सफाई अटक गई है। नगर निगम ने दावा किया था कि कुछ जगहों पर गैंग के कर्मचारियों को भेज कर नालाें की सफाई कराई थी लेकिन शनिवार सुबह हल्की बारिश में शहर में जलभराव हो गया। सुभाष नगर, पुराना शहर, बाकरगंज, हजियापुर और राजेंद्र नगर, इंदिरा नगर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया।
इसके अलावा पीलीभीत बाईपास मार्ग, सुभाष नगर, बदायूं रोड, कटरा चांद खां, धर्मकांटा चौक से त्रिवटीनाथ मंदिर, मढ़ीनाथ सहित कुछ अन्य जगहों पर सड़क के गड्ढों में पानी भर गया था। कई जगह सड़कें भी धंस गईं।
नगर निगम की टीमें नालों की सफाई कर रही हैं। जिन जगहों की शिकायत मिल रही है, वहां पर टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया जा रहा है- सुनील कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त।
ये भी पढ़ें- Bareilly news: जब दरोगा की कटी गर्दन तो चाइनीज मांझा बेचने वाले पांच गिरफ्तार
