Lok Sabha Election 2024: कानपुर में सियासी गर्मी के बीच कल मौसम रहेगा नरम...चुनावी बिसात में मौसम के मिजाज पर नजर

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर में सियासी गर्मी के बीच कल मौसम रहेगा नरम

कानपुर, अमृत विचार। मौसम विभाग ने मतदान के दिन सोमवार को मौसम सुहाना रहने की संभावना जताई है। यह भी बताया है कि मतदान के दिन सुबह व शाम को तापमान में हल्की नरमी रहेगी। इसके अलावा आंधी आने व कुछ हिस्सों में बूंदाबादी की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। उधर, चुनावी समर में पार्टियां भी वोट प्रतिशत के लिए मौसम विशेषज्ञों से संपर्क कर रहीं है। विशेषज्ञों ने बताया कि दोनों ही प्रमुख पार्टियों के नेता उनसे 13 मई के मौसम के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।

मौसम विशेषज्ञों ने नए पश्चिमी विक्षोभ का असर 13 मई तक रहने की प्रबल संभावना जताई है। कहा गया है कि 12 और 13 मई को शहर में तापमान औसत के आसपास ही रहने वाला है। इससे तेज गर्मी से उस दिन मतदान करने वालों को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होगी। खासतौर पर सुबह 11 बजे तक मौसम सुहाना हो सकता है। तेज हवाएं तपिश को कम कर सकती हैं। 

सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि पिछले गुरुवार से मौसम में अचानक परिवर्तन का असर 13 मई तक रह सकता है। शनिवार को भी मौसम में तपिश कम रही। अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसे सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को हवा की रफ्तार 6.9 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई। इसमें 13 मई को बढोतरी संभव है।

चुनावी बिसात में मौसम के मिजाज पर नजर

चुनावी बिसात में सियासी गर्मी के बाद अब फैसले की घड़ी आ गई है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि मई में प्रचंड गर्मी की वजह से मतदान का प्रतिशत कम रहेगा। इसी आशंका में डूबे प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता अब मतदान के दिन मौसम के मिजाज का आकलन कर रहे हैं। सियासी दलों के नेताओं का मानना है कि यदि सोमवार को मौसम साथ देता है तो मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है। 

मौसम विभाग में पहुंच रहे नेताओं के फोन

मतदान वाले दिन मौसम का मिजाज जानने के लिए राजनीतिक दलों के लोग मौसम विभाग से संपर्क साध रहे हैं। उनके फोन मौसम विशेषज्ञों के पास पहुंच रहे हैं। इन फोन कॉल्स में सिर्फ सोमवार के मौसम का हाल जानने की कोशिश की जा रही है। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि उनके पास लगभग हर पार्टी के नेताओं के फोन पहुंचे हैं और मतदान वाले दिन के मौसम के बारे में जानकारी ले रहे हैं। मुख्य रूप से कांग्रेस और भाजपा के नेताओं और कुछ चुनिंदा प्रत्याशियों ने फोन कर मौसम का हाल जाना है। इनका मानना है कि मौसम का मिजाज मतदान का पैमाना बनेगा।

ये भी पढ़ें- Kanpur: जीएसवीएम की कामयाबी: कुशिंग सिंड्रोम का ऑपरेशन कर बचाई युवती की जान, किडनी के पास से निकाली गांठ

 

 

संबंधित समाचार